News in Brief

Jaipur : कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के निर्देशों पर कल राजीव गांधी की पुण्यतिथि (Rajiv Gandhi Death Anniversary) के अवसर पर प्रदेश में कोविड जरूरतमंदों के लिए अभियान का आगाज होगा. सुबह पीसीसी मुख्यालय पर 11 बजे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा (Govind Singh Dotasra) जरूरतमंदों में वितरित की जाने वाली दवाइयों की किट और राहत सामग्री को रवाना करेंगे. प्रदेश के अलग-अलग संभाग जिला और ब्लॉक मुख्यालय पर कांग्रेस विधायक पार्टी नेता इस अभियान को लेकर तैयारियों में जुटे हैं. 

यह भी पढ़ें- Black Fungus पर हमारा पूरा कंट्रोल, बीमारी के लिए अस्पताल में बनाए गए अलग वार्ड: स्वास्थ्य सचिव

नोहर विधानसभा में विधायक अमित चाचाण (MLA Amit Chachan) के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता पिछले कई दिनों से लगातार मेडिकल किट बनाने की कवायद में जुटे हैं. नागरिकों के सहयोग से तैयार की जाने वाली यह मेडिकल किट सर्वे में पॉजिटिव पाए जाने वाले नागरिकों को घर पर उपलब्ध करवाई जाएगी. इसके अलावा बड़ी संख्या में सैनिटाइजर और मास्क वितरण का काम भी होगा. विधायक की ओर से स्थानीय राजकीय चिकित्सालय में दो एंबुलेंस डोनेट करने के लिए भी टेंडर जारी कर दिया गया है.

विधायक ने बेहद कम समय में तैयार किया राजकीय चिकित्सालय में 30 बेड का कोविड सेंटर
विधायक के प्रयासों से स्थानीय राजकीय अस्पताल में 30 बेड का कोविड संचालित हो रहा है. प्रवासी नागरिकों के सहयोग से अस्पताल में कॉविड के उपचार में आने वाले तमाम उपकरण समय रहते जुटाने से हालातों पर नियंत्रण है. हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय पर ऑक्सीजन प्लांट लगने से ऑक्सीजन का संकट भी दूर हो गया है. 

कोविड मरीजों को तुरंत आवश्यक चिकित्सीय सुविधा स्थानीय चिकित्सालय में प्राप्त हो इसके लिए विधायक ने एक करोड़ पच्चीस लाख रुपए की राशि विधायक कोटे से जारी की है. विधायक ने दो फास्ट एंबुलेंस के लिए पचास लाख रुपए, चिकित्सालय में ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना के लिए पचास लाख रुपए, पच्चीस लाख रुपए ऑक्सीजन कंसट्रेटर मशीन नए ऑक्सीजन सिलेंडर खरीदने, पीपीई किट, मास्क, सेनेटाइजर एवम अन्य आवश्यक चिकित्सा उपकरण खरीदने के लिए जारी किए है. इसके अलावा वैक्सीनेशन के लिए विधायक को से 3 करोड की राशि भी जारी की है.

विधायक ने राजकीय चिकित्सालय नोहर में 30 बेड का कोविड सेंटर में प्रत्येक बेड पर मरीज को ऑक्सीजन की सुविधा मिले इसके लिए सेंट्रल ऑक्सीजन पाइप लाइन डलवाई गई है. अल्प समय में पंजाब के विशेषज्ञों की टीम ने इस कार्य को अंजाम दिया. इसके अलावा पीड़ित मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा ना हो इसके लिए विधायक 24 घंटे राजकीय चिकित्सालय के चिकित्सकों के संपर्क में रहते हुए व्यवस्था बनाने में जुटे हुए हैं.

प्रवासी नोहर नागरिकों ने की विधायक के आह्वान पर बड़ी मदद
विधायक ने बताया कि कोरोना पीड़ित मरीजों के इलाज के लिए धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी. इसके लिए राज्य सरकार विधायक कोटे एवं दानदाताओं के सहयोग से सभी समुचित व्यवस्थाएं करवाई जाएगी. विधायक के प्रयासों का ही परिणाम है कि आज सभी तीस बेडो पर पीड़ित मरीजों का समुचित इलाज किया जा रहा है. 

इसके अलावा विधायक ने बताया कि चिकित्सालय में कोरोना पीड़ित मरीजों को लगने वाली समस्त आक्सीजन का खर्च मिशन सौ बेड की ओर से जनसहयोग से उपलब्ध करवाया जा रहा है. उपकरणों के उपलब्ध करवाने में नोहर के प्रवासी नागरिकों की बड़ी भूमिका रही है. नोहर नागरिक परिषद दिल्ली और नोहर नागरिक समिति जयपुर की ओर से राजकीय चिकित्सालय में चिकित्सा उपकरण भेंट किए गए हैं.

यह भी पढ़ें- राजस्थान में कोरोना संकट के बीच Black Fungus ने बढ़ाई चिंता, सरकार ने घोषित किया महामारी