News in Brief

Patna: बिहार में कोरोना का कहर जारी है. आम लोग राजनेताओं की तरफ उम्मीद भरी निगाहों से देख रहे हैं. इस बीच राजद नेताओं ने कोरोना महामारी के दौरान प्रबंधन को लेकर केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ ट्विटर जंग छेड़ दी है.

पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव (Lalu Yadav) उनकी पत्नी राबड़ी देवी (Rabri devi), उनके बेटे तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) व बेटी रोहिणी आचार्या की ओर से एक के बाद एक ट्वीट के जरिये सरकार पर लगातार हमला बोला जा रहा है. 

राजद सुप्रीमो लालू यादव ने अपने एक ट्वीट में चोर-कोतवाल का फार्मूला बताया है. उन्होंने कहा,’उल्टा चोर कोतवाल को डांटे, इस मुहावरे में चोर सरकार है और कोतवाल जनता है.’
इसके अलावा, राबड़ी देवी ने भी एक ट्वीट के जरिए सरकार पर निशाना साधा है. हालांकि, लालू या राबड़ी ने अपने ट्वीट में केंद्र या राज्य सरकार का उल्लेख नहीं किया है. ऐसे में साफ है कि उन्होंने दोनों ही सरकार पर एक तीर से दो निशाना साधने का काम किया है.

राबड़ी ने अपने ट्वीट में कहा,’महाज्ञानी के महाढोंग ने ही महंगाई और महामारी को बढ़ाया है.’ इसके अलावा, लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्या ने तो अपने भाई के ट्वीट को साझा करते हुए भाजपा व एनडीए समर्थकों पर भी तंज किया है. 

रोहिणी ने कहा,’ट्विटर मियां तू भी आ जाना. मुफ्त में तेरा भी यहां इलाज मिलेगा. जो फकीरा की अंधभक्ति में अंधभक्त बने हैं. उन भाइयों को भी. शर्माने की ना जरूरत है. मुफ्त में उनका भी इलाज होगा.’

गौरतलब है कि तेजस्वी यादव ने अपने पटना स्थित सरकार आवास को कोविड केयर सेंटर में बदल दिया है. कोविड सेंटर नें आवास को बदलने के बाद तेजस्वी ने सरकार से अपने कार्यक्षेत्र में इस सेंटर को लेने की मांग की है. इस संबंध में एक वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर तेजस्वी ने ट्वीट किया था. इसी वीडियो को साझा कर रोहिणी ने भी ट्वीट कर अपनी बात कही है.