
Patna: पटना हाईकोर्ट के एडवोकेट्स एसोसिएशन (Lawyers Association) की कार्यकारिणी समिति की एक असाधारण वर्चुअल बैठक सोमवार को हुई. एडवोकेट एसोसिएशन के महासचिव शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बैठक का सफल आयोजन हुआ.
इस दौरान विस्तृत विचार विमर्श के बाद कमेटी ने अन्य बातों के अलावे यह निर्णय लिया है कि कमेटी हाईकोर्ट (Patna High Court) प्रशासन से आग्रह करेगा कि बड़े पैमाने पर लंबित मुकदमों को देखते फिलहाल ग्रीष्मावकाश टालने की कोशिश की जाए.
महासचिव शैलेंद्र कुमार सिंह ने इसके साथ ही कहा कि 24 मई से पटना हाईकोर्ट में ग्रीष्मावकाश कालीन छुट्टी होनी है. ऐसे में अगर फिलहाल छुट्टी को रद्द कर वर्चुअल मोड में ही कोर्ट चले तो केस निपटने में आसानी होगी.
ये भी पढ़ें- BJP के ‘पितामह’ लालकृष्ण आडवाणी को गिरफ्तार कर चर्चा में आया था ये IAS, आज है केंद्रीय मंत्री
साथ ही महासचिव सिंह ने कहा कि कोरोना के मद्देनजर कमेटी ने राज्य सरकार को जरूरतमंद अधिवक्ताओं के लिए 50 करोड़ रूपये राज्य बार काउंसिल या राज्य के विभिन्न अधिवक्ता संघों को भेजने के लिए आग्रह किया है.
उन्होंने का कि कोविड – 19 के नाम पर जरूरतमंद अधिवक्ताओं के लिए फंड बनाने, बीमारी की स्थिति में अधिवक्ताओं के लिए हॉस्पिटल जाने और लाने के लिए कम से कम दो एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की भी सरकार से मांग की गई है.
साथ ही इस बैठक में तय हुआ कि सुनवाई किये जा चुके मुकदमों को सुनवाई हेतु सूचीबद्ध करने व 18 से ऊपर के उम्र वाले अधिवक्ताओं व उनके परिवार के सदस्यों को टीका लगवाने के लिए अलग से व्यवस्था किए जाने के लिए राज्य सरकार से यह मांग की जाएगी.
गौरतलब है कि पिछले साल पटना हाई कोर्ट ने वार्षिक छुट्टी को टाल दिया था. पटना हाई कोर्ट की छुट्टी 24 मई 2020 से 21 जून 2020 तक थी, जिसे कोर्ट ने टाल दिया था. अब देखना यह है कि इस बार कोर्ट क्या फैसला लेती है.
