News in Brief

Patna: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish kumar) ने मंत्रियों के क्षेत्र भ्रमण पर रोक लगा रखी है. क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी अपने क्षेत्र में भ्रमण नहीं कर पर रहे हैं. ऐसे में BJP विधायकों की नाराजगी खुलकर सामने आ रही है, बीजेपी विधायक अरुण सिन्हा ने सीएम नीतीश से क्षेत्र भ्रमण में छूट देने की अपील की है. 

BJP की ये अपील विपक्षी दलों के लिए सरकार को घेरने का अवसर बन गयी है. Congress ने लॉकडाउन में बीजेपी नेताओं की दी जा रही छूट पर सवाल खड़े किये हैं. इस पर आरजेडी ने कहा कि अब बीजेपी और जेडीयू नेताओं पर भी जनता को जवाब देने का दवाब बन रहा है.

बीजेपी विधायक अरुण सिन्हा ने नीतीश कुमार से जनप्रतिनिधियों को क्षेत्र भ्रमण की छूट देने की अपील की है. इस दौरान उन्होंने हॉस्पिटल सामुदायिक किचन भ्रमण सैनिटाइजेशन के काम की छूट देने की मांग की है. 

उन्होंने कहा है, ‘मैंने भी सामुदायिक किचन में भोजन किया है. गरीबों के बीच भोजन करने से उनका हौसला बढ़ता है. भ्रमण के दौरान मुझे कई जगह खराबी दिखी थी, जिसका तुरंत समाधान कराया.’ 

अरुण सिन्हा भले ही क्षेत्र भ्रमण की इजाजत मांग रहे हों, लेकिन वो लगातार लॉकडाउन में क्षेत्र की जनता के बीच जाते रहे हैं. टीका केंद्र, जांच केंद्र और सामुदायिक रसोई में उनका दौरा बना रहा है. बीते दिनों बीजेपी विधायक और सांसदों के साथ हुई वर्चुअल मीटिंग में भी बीजेपी नेताओं ने अपने अध्यक्ष के सामने क्षेत्र भ्रमण की छूट की मांग की थी.

इस मीटिंग के दौरान जनप्रतिनिधियों पर लगी रोक को लेकर कई बीजेपी विधायकों ने सरकार के फैसले पर आपत्ति जताई थी. दरअसल, 30 मई को मोदी सरकार के इस कार्यकाल के दो साल पूरे हो रहे हैं. ऐसे में बीजेपी इस दिन को सेवा दिवस के रूप में मनाने की तैयारी रही है. जिस वजह से नेताओं का जनता के बीच निकलना जरूरी हो जाएगा. लेकिन जनप्रतिनिधियों के क्षेत्र भ्रमण पर रोक एक बड़ी बाधा बन गई है. इसके बावजूद बीजेपी विधायक अपने कार्यक्रम की तैयारी में जुट गये हैं. इस पर विधायक ने कहा, ’30 तारीख को गरीब जरुरतमंद लोगों की बड़े पैमाने पर मदद की जाएगी, मेरे भी क्षेत्र के शक्ति केंद्रों पर सेवा दिवस मानाया जाएगा.

इधर, बीजेपी की इस मांग कर कांग्रेस ने हमला बोल दिया है. MLC प्रेमचन्द्र मिश्रा ने कहा है कि सबसे पहले आरजेडी और कांग्रेस ने डिमांड की थी कि उनके नेताओं को क्षेत्र भ्रमण की अनुमति दी जाये, लेकिन सरकार ने अनुमति नहीं दी थी. बीजेपी के नेता 30 तारीख को बड़े पैमाने पर सेवा दिवस मनाने की तैयारी कर रहे हैं. लोगों को भोज कराया जाएगा. नीतीश कुमार अविलंब ऐसे कार्यक्रम पर रोक लगायें. 

उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी को इस तरह के कार्यक्रम की इजाजत कैसे दी जा सकती है. जनप्रतनिधियों के भ्रमण पर रोक का फैसला नीतीश कुमार का ही है.

ये भी पढ़ें: जल संसाधन विभाग की बैठक में CM नीतीश का बड़ा फैसला, शहरों के गंदा पानी को नदी में नहीं गिराया जाएगा

RJD ने भी बीजेपी की डिमांड पर नीतीश कुमार पर हमला बोल दिया है. RJD MLC रामबलि चन्द्रवंशी ने कहा है कि बीजेपी-जेडीयू नेताओं पर भी जनता को जवाब देने का दबाव है, लेकिन नीतीश कुमार अपनी कमियों को छुपाने में लगे हैं. जिस वजह से नेताओं को क्षेत्र भ्रमण की इजाजत नहीं दी जा रही है.