News in Brief

अडंर-19 वर्ल्ड कप में भारत के यंगिस्तान ने लगातार दूसरी जीत दर्ज कर ली है. पहले मैच में इस टीम ने यूएसए को मात दी जबकि दूसरे मुकाबले में बांग्लादेश को रौंद दिया है. बारिश टीम इंडिया के लिए अभिशाप साबित हो रही थी, लेकिन एक गेंदबाज ने बारिश को रोड़ा नहीं बनने दिया और भारत को जीत दिलाई. टीम की तरफ से वैभव सूर्यवंशी का भी बल्ला बोला जबकि अभिज्ञान कुंदू ने भी लगातार दूसरे मैच में फिफ्टी ठोकी. लेकिन जीत के असली बाजीगर विहान मल्होत्रा रहे. 

18 रन से भारत की जीत

भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के 7वें मुकाबले में बांग्लादेश के खिलाफ डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर 18 रन से जीत दर्ज की. लगातार दूसरी जीत के साथ भारत ने ग्रुप-ए में शीर्ष स्थान पर मजबूती बना ली है. क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में बारिश के चलते टॉस में देरी हुई. सिक्के का उछाल बांग्लादेश के पक्ष में रहा और भारतीय टीम बल्लेबाजी के लिए उतरी, जिसने 12 के स्कोर तक दो विकेट गंवा दिए थे. यहां से विहान मल्होत्रा ने वैभव सूर्यवंशी के साथ तीसरे विकेट के लिए 41 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की.

Add Zee News as a Preferred Source

विहान बल्ले से फ्लॉप गेंद से छाए

विहान 24 गेंदों में 7 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद सूर्यवंशी ने अभिज्ञान कुंडू के साथ चौथे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 115 के स्कोर तक पहुंचाया. वैभव 67 गेंदों में 3 छक्कों और 6 चौकों के साथ 72 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद कुंडू ने मोर्चा संभाला. उन्होंने 80 रन की पारी खेलकर टीम को 238 के स्कोर तक पहुंचा दिया था. 

अल फहाद की शानदार बॉलिंग

विपक्षी खेमे से अल फहाद ने 9.2 ओवरों में 38 रन देकर 5 विकेट हासिल किए, जबकि इकबाल हुसैन और अजीजुल हामिम तमीम ने 2-2 विकेट निकाले. इनके अलावा, शेख पावेज जिबोन ने एक विकेट हासिल किया.
टारगेट का पीछा करने उतरी बांग्लादेशी टीम को चौथी गेंद पर जवाद अबरार (5) के रूप में झटका लगा. यहां से रिफत बेग ने कप्तान अजीजुल हामिम तमीम के साथ 56 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला. बांग्लादेश 17.2 ओवरों में 2 विकेट गंवाकर 90 रन बना चुकी थी. यहां से एक बार फिर बारिश ने खेल रोका.

ये भी पढे़ं.. RCB ने लगाया जीत का चौका.. मंधाना ने निकाली दिल्ली की दबंगई, फिर भी टूटा फैंस का दिल

 बांग्लादेश को मिला 165 रन का लक्ष्य

मुकाबला जब फिर से शुरू हुआ, तो बांग्लादेश को डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर 29 ओवरों में 165 रन का संशोधित लक्ष्य मिला. इसके जवाब में बांग्लादेशी टीम 28.3 ओवरों में 146 रन पर सिमट गई. तमीम ने 72 गेंदों में 1 छक्के और 4 चौकों के साथ 51 रन की पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके. भारत की तरफ से विहान मल्होत्रा ने 4 ओवरों में 14 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि खिलन पटेल ने 2 विकेट निकाले. इनके अलावा, दीपेश देवेंद्रन, हेनिल पटेल और कनिष्क चौहान ने 1-1 विकेट हासिल किया.