Donald Trump Claims: वॉशिंगटन डीसी में दिए एक इंटरव्यू में राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि उन्होंने कुल 8 युद्ध रुकवाए हैं. इनमें से कम से कम 6 मामलों में टैरिफ का इस्तेमाल कर समझौता कराया है. उन्होंने कहा कि अगर देश आपस में लड़ाई नहीं रोकते तो अमेरिका उन पर भारी टैरिफ लगा देता.
ट्रंप के मुताबिक उन्होंने भारत और पाकिस्तान से भी यही कहा था. बता दें, ट्रंप ने दावा किया कि उस समय भारत और पाकिस्तान के बीच हालात बेहद गंभीर थे. उन्होंने कहा कि दोनों देश आमने-सामने थे और करीब 10 लड़ाकू विमान गिराए गए थे. उनके अनुसार स्थिति इतनी खराब थी कि यह परमाणु युद्ध में बदल सकती थी. उन्होंने कहा कि ‘मेरे हिसाब से यह न्यूक्लियर वॉर बन जाता’.
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री का जिक्र
ट्रंप ने यह भी कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने उनकी भूमिका को माना और कहा कि ट्रंप ने कम से कम 10 मिलियन लोगों की जान बचाई. ट्रंप के मुताबिक अगर टैरिफ की चेतावनी नहीं दी जाती तो हालात और बिगड़ सकते थे.
अजरबैजान और आर्मेनिया का भी किया जिक्र
ट्रंप ने अपने इंटरव्यू में यह भी कहा कि उन्होंने अजरबैजान और आर्मेनिया के बीच लंबे समय से चल रहे संघर्ष को भी बहुत कम समय में रुकवाया है. उनका कहना था कि यह विवाद करीब 30 से ज्यादा साल से चल रहा था, लेकिन उन्होंने व्यापार और टैरिफ का दबाव बनाकर इसे डेढ़ दिन में सुलझा दिया.
भारत ने किया खंडन
आपको बता दें, भारत सरकार ने ट्रंप के इन दावों को लगातार नकारा है. भारत का कहना है कि भारत और पाकिस्तान के बीच जो भी संघर्षविराम हुआ है, वह दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों यानी डीजीएमओ के बीच सीधी बातचीत से हुआ है. इसमें किसी तीसरे देश की कोई भूमिका नहीं थी.
बताते चलें, भारत ने यह भी दोहराया है कि पाकिस्तान के साथ सभी मुद्दे, जिनमें जम्मू-कश्मीर से जुड़े मामले भी शामिल हैं, केवल आपसी बातचीत से ही सुलझाए जाएंगे. भारत की पुरानी नीति रही है कि इन मामलों में किसी तीसरे पक्ष की जरूरत नहीं है. इस तरह जहां ट्रंप अपने दावों को दोहरा रहे हैं वहीं भारत साफ कर चुका है कि दोनों देशों के बीच समझौता आपसी स्तर पर हुआ था न कि किसी बाहरी दबाव से हुआ था.
यह भी पढ़ें: ट्रंप ने किया था जीरो टैरिफ का क्लेम, व्हाइट हाउस की फैक्टशीट से क्या दिख रहा है?
