News in Brief

दुनिया में एक खूंखार गेंदबाज ऐसा भी है, जो सबसे ज्यादा बार बल्लेबाजों को 99 रन पर आउट कर उनके शतक जड़ने का सपना चकनाचूर कर चुका है. भारतीय मूल के कैरेबियाई तेज गेंदबाज रवि रामपॉल दुनिया के एकमात्र ऐसे गेंदबाज हैं, जिन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में बल्लेबाजों को सबसे ज्यादा बार 99 रन के स्कोर पर आउट किया है और उनके शतक बनाने की उम्मीदों पर पानी फेरा है.

सबसे ज्यादा बार 99 रन के स्कोर पर किया आउट

वेस्‍टइंडीज के पूर्व तेज गेंदबाज रवि रामपॉल (Ravi Rampaul) इंटरनेशनल क्रिकेट में बल्लेबाजों को सबसे ज्यादा 4 बार 99 रन पर आउट करने में सफल रहे हैं. रवि रामपॉल ने साल 2012 के दौरान T20I क्रिकेट में इंग्लैंड के विस्फोटक बल्लेबाज एलेक्स हेल्स को 99 रन पर आउट किया था. रवि रामपॉल ने इसके अलावा नवंबर 2013 से नवंबर 2015 के बीच ODI क्रिकेट में विराट कोहली, कुसल परेरा और जोस बटलर को 99 रन पर आउट किया है.

Add Zee News as a Preferred Source

बड़े-बड़े बल्लेबाजों को दिया गहरा जख्म

इंटरनेशनल क्रिकेट में बल्लेबाजों को सबसे ज्यादा बार 99 रन के स्कोर पर आउट करने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में रवि रामपॉल के बाद एलन डोनाल्ड (साउथ अफ्रीका), मदन लाल (भारत), रवींद्र पुष्पकुमारा (श्रीलंका), वीरेंद्र सहवाग (भारत), फिल टफनेल (इंग्लैंड) का नाम आता है. रवि रामपॉल के अलावा बाकी के इन पांच गेंदबाजों ने इंटरनेशनल क्रिकेट में बल्लेबाजों को 2-2 बार 99 रन पर आउट किया है. मेंस इंटरनेशनल क्रिकेट में 6 ऐसे गेंदबाज हैं जो बल्लेबाजों को 99 रन के स्कोर पर आउट कर चुके हैं. रवि रामपॉल ने यह कमाल 4 बार किया है. वहीं, एलन डोनाल्ड, मदन लाल, रवींद्र पुष्पकुमारा, वीरेंद्र सहवाग और फिल टफनेल गेंदबाजी के दौरान 2-2 बार यह दुर्लभ रिकॉर्ड बना चुके हैं.

जब 100वें शतक से चूक गए थे सचिन

रवि रामपॉल ने साल 2011 के दौरान 22 से 26 नवंबर तक मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए एक टेस्ट मैच में सचिन तेंदुलकर को 94 रन के निजी स्कोर पर आउट किया था. सचिन तेंदुलकर तब अपने 100वें इंटरनेशनल शतक से चूक गए थे. सचिन तेंदुलकर ने हालांकि 16 मार्च 2012 को बांग्लादेश के खिलाफ ढाका में एशिया कप के दौरान अपना 100वां इंटरनेशनल शतक ठोका था. सचिन तेंदुलकर ने तब 114 रन बनाए थे.

रवि रामपॉल के रिकॉर्ड्स

रवि रामपॉल ने वेस्टइंडीज के लिए 18 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 49 विकेट हासिल किए हैं. रवि रामपॉल ने 92 वनडे इंटरनेशनल मैचों में 117 विकेट और 27 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 31 विकेट हासिल किए हैं. रवि रामपॉल अपनी स्विंग गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं. रवि रामपॉल ने अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच 4 नवंबर 2021 को श्रीलंका के खिलाफ खेला था.