
Imran Khan: पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इमरान खान इन दिनों चर्चा में बने हुए हैं. पाकिस्तान की जेल में उनके हाल-बेहाल हैं. भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने भी इमरान खान के साथ सम्मान और उचित देखभाल के साथ व्यवहार करने की डिमांड रख दी है. जेल में उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ रही है. गांगुली की टिप्पणी पांच टेस्ट खेलने वाले देशों के 14 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों की एक संयुक्त अपील के बाद आई है.
पूर्व कप्तानों की अपील
क्रिकेट जगत के कुछ पूर्व कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार से विश्व कप विजेता नेता के लिए जेल की स्थिति में सुधार और उचित चिकित्सा ध्यान सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है. द एज के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान ग्रेग चैपल द्वारा शुरू की गई याचिका प्रधान मंत्री शहबाज शरीफ को सौंपी गई थी. हस्ताक्षर करने वालों में भारत के महान खिलाड़ी सुनील गावस्कर और कपिल देव के साथ-साथ ऑस्ट्रेलिया के एलन बॉर्डर, स्टीव वॉ, इयान चैपल, बेलिंडा क्लार्क और किम ह्यूजेस, इंग्लैंड के माइक एथरटन और न्यूजीलैंड के जॉन राइट शामिल हैं.
क्या बोले सौरव गांगुली?
गांगुली ने संवाददाताओं से कहा, ‘उन्होंने सही काम किया है. इसलिए, मुझे यकीन है कि इमरान खान की देखभाल और सम्मान किया जाना चाहिए.’ पूर्व कप्तानों के लेटर में खान की बिगड़ती सेहत की खबरों पर गहरी चिंता जताई गई है. खासकर रावलपिंडी की अदियाला जेल में कैद के दौरान उनकी नजर में काफ़ी कमी आई, जहाँ उन्हें भ्रष्टाचार के आरोपों में दो साल से अधिक समय से रखा गया है. उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि उनके जैसे कद के व्यक्ति को मानवीय व्यवहार, उनकी पसंद के स्पेशलिस्ट से मेडिकल केयर, रेगुलर परिवार से मिलने और बिना देर किए निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई का हक है.
ये भी पढ़ें.. CT 2029 और 2031 ODI वर्ल्ड कप.. भारत से छिन सकती है मेजबानी, क्यों टेंशन में ICC?
गावस्कर ने उठाई आवाज
अपील में दुश्मनी से परे सम्मान बढ़ाने में क्रिकेट की लंबे समय से चली आ रही भूमिका पर जोर दिया गया और अधिकारियों से तहजीब और न्याय के सिद्धांतों को बनाए रखने का आग्रह किया गया. गावस्कर ने स्थिति को “बहुत बुरा” बताया और उनकी पुरानी दोस्ती का जिक्र किया जो उनके मैदान पर होने वाले मैचों से भी पहले की है. सपोर्टर्स का दावा है कि खान ने अपनी दाहिनी आँख की 85 परसेंट रोशनी खो दी है और उन्हें परिवार और निजी डॉक्टरों से मिलने में दिक्कत होती है. वह और उनकी पत्नी, बुशरा बीबी, अगस्त 2023 से जेल में हैं और हाल ही में हुई सजाओं के हिसाब से उन्हें कुल 31 साल की सजा हुई है.

