News in Brief

Abhishek Sharma: टी20 विश्व कप 2026 से पहले तक जो बल्लेबाज पहली गेंद से छक्के उड़ा रहा था और गेंदबाजों की हालत खराब करके रखी थी, उसका बल्ला वर्ल्ड कप में शांत पड़ गया है. वह खाता खोलने के लिए तरस गया है. पहले दो मैचों में जीरो पर आउट हुआ तो फैंस हैरान रह गए. फैंस और शायद खुद उस बल्लेबाज को समझ नहीं आ रहा कि आखिर ये हो क्या रहा है? टी20 में नंबर 1 की पोजीशन पर काबिज इस बल्लेबाज से सभी को उम्मीद थी कि क्रीज पर आते ही वह बाउंड्री की झड़ी लगा देगा, लेकिन अब तक हुआ इसके उलट है. 

यहां किसी और की नहीं बल्कि टीम इंडिया के मैच विनर ओपनर अभिषेक शर्मा की बात हो रही है, जो 2024 के बाद से सबसे ज्यादा रन और सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बैटर हैं, लेकिन इस विश्व कप के पहले दो मैचों में वह खाता नहीं खोल पाए. हालांकि अब इस खिलाड़ी के पास सुपर 8 की जंग से पहले फॉर्म में लौटने का एक बढ़िया मौका है.

आज टीम इंडिया को नीदरलैंड के खिलाफ अपने ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला खेलना है. नीदरलैंड के खिलाफ यह मुकाबला नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा, जहां की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग मानी जाती है. इस मैच में बाएं हाथ के भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा न सिर्फ अपना खाता खोल सकते हैं बल्कि फॉर्म भी हासिल कर सकते हैं. अगर उन्होंने इस मौके को भुना लिया तो फिर सुपर 8 के मैचों में यह खिलाड़ी गेंदबाजों की हालत खराब करने का माद्दा रखता है.

Add Zee News as a Preferred Source

2026 वर्ल्ड कप में अभिषेक का प्रदर्शन?

अभिषेक शर्मा ने अब तक 2 मैच खेले हैं. भारत का पहला मैच अमेरिका के खिलाफ था, जिसमें टीम इंडिया ने 29 रनों से जीत हासिल की थी. इस मुकाबले में अभिषेक जीरो पर आउट हुए थे. फिर दूसरा मुकाबला नामीबिया के खिलाफ हुआ, जिसमें अभिषेक नहीं खेले. उन्हें पेट में दर्द की शिकायत थी, तो उनकी जगह संजू सैमसन को मौका मिला था, लेकिन संजू सिर्फ 8 बॉल पर 22 रन बनाए थे. तीसरे मुकाबले में अभिषेक ने पाकिस्तान के खिलाफ वापसी की थी, लेकिन वह जीरो पर ही आउट हो गए. अब नीदरलैंड के खिलाफ मैच में अभिषेक का खेलना तय है, इसलिए यह मुकाबला उनके लिए बड़ा मौका है.

टीम इंडिया के लिए भले ही अभिषेक शर्मा का बल्ला नहीं चला, लेकिन उनके साथ ईशान किशन धमाके पर धमाके कर रहे हैं. उन्होंने इस एडिशन में अब तक भारत के लिए सबसे ज्यादा 158 रन बनाए हैं. अगर उन्होंने नीदरलैंड के खिलाफ 16 रन और बना दिए तो वह टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर भी बन सकते हैं.

2889 बॉल पर बना चुके हैं 5000 रन

अभिषेक शर्मा एक खूंखार बल्लेबाज हैं, जो पहली गेंद से छक्कों की बारिश करते हैं. उनका अंदाज एकदम बेखौफ है. सामने कौन सी टीम और कौन सा गेंदबाज है, उन्हें फर्क नहीं पड़ता. यह खिलाड़ी सिर्फ बाउंड्री लगाने पर ध्यान देता है. टीम इंडिया में डेब्यू के बाद से ही अभिषेक रनों की बारिश करते आए हैं. उनके नाम सबसे तेज 5000 टी20 रन बनाने का रिकॉर्ड है. अभिषेक ने सिर्फ 2889 बॉल पर ये कमाल कर दिया था.

पहले 6 ओवरों में कहर बनकर टूटते हैं अभिषेक

खास बात ये है कि साल 2024 से अब तक 194.95 के स्ट्राइक रेट के साथ वे दुनिया के सबसे विस्फोटक बल्लेबाज बनकर उभरे हैं. ये वही अभिषेक हैं, जिनके नाम एक कैलेंडर ईयर (2025) में भारत के लिए सबसे ज्यादा 91 छक्के जड़ने का रिकॉर्ड दर्ज है. अभिषेक दुनिया के पहले ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 8 बार 25 से भी कम गेंदों पर अर्धशतक जड़ा है. ये रिकॉर्ड बताते हैं कि पहले 6 ओवरों में यह बल्लेबाज गेंदबाजों के लिए किसी काल से कम नहीं है.

ये भी पढ़ें: IND vs NED India Playing 11: नीदरलैंड के खिलाफ बदलेगी भारत की प्लेइंग 11, इन 3 खिलाड़ियों को बाहर करेंगे कप्तान सूर्यकुमार यादव?