Gaza Peace Plan: गाजा में इंटरनेशनल स्टेबिलाइजेशन फोर्स (ISF) का हिस्सा बनने को लेकर पाकिस्तानी सेना इन दिनों काफी चर्चा में है. दावा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पाक आर्मी के चीफ असीम मुनीर पर ISF का हिस्सा बनने के लिए दबाव डाल रहे हैं. अब इसको लेकर इजरायल की ओर से एक बयान सामने आया है. तेल अवीव का कहना है कि वह गाजा में पाकिस्तानी सेना को नहीं देखना चाहता है. भारत में इजरायल के राजदूत ने पाकिस्तानी सैनिकों की भागीदारी के प्रस्ताव को खारिज किया है. उन्होंने कहा कि वे इससे बिल्कुल सहमत नहीं हैं. वे उन देशों के साथ काम करना पसंद करेंगे जिन पर उन्हें भरोसा है.
इजरायल को नहीं चाहिए पाकिस्तान से सहयोग
‘NDTV’ के साथ बातचीत में भारत में इजरायल के राजदूत रूवेन अजार ने हमास और पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैबा जैसे आतंकी समूहों पर चिंता जाहिर की और कहा कि शांति योजना के अगले चरण के लिए हमास का टूटना बेहद जरूरी है. अजार ने बताया कि इजरायल पाकिस्तान की ओर से गाजा में रीकंस्ट्रक्शन और स्थिरता के लिए भागीदारी में बिल्कुल भी सहज नहीं है. इस्लामाबाद को यह प्रस्ताव अमेरिका की ओर से दिया गया है, जिसने और भी कई देशों से संपर्क किया है.
ये भी पढ़ें- वेनेजुएला के ऑयल रिजर्व पर अब अमेरिका का राज, मनमर्जी से तेज बेचेंगे ट्रंप; कर दिया बड़ा ऐलान
गाजा में पाकिस्तानी सेना की भूमिका से असहमत इजरायल
अजार ने कहा,’ फिलहाल एक ऐसी स्थिति बनाने की कोशिश की जा रही है, जिसमें हम आगे बढ़ सकें, लेकिन इसके लिए हमास को खत्म करना होगा. इसका कोई और रास्ता नहीं है.’ उन्होंने यह भी बताया कि कई देशों ने गाजा के लिए अपने सैनिकों को भेजने से मना भी कर दिया है क्योंकि वे हमास से नहीं लड़ना चाहते हैं. अजार ने गाजा में पाकिस्तानी सेना की भूमिका से बिल्कुल भी सहमति नहीं जताई. ऐसा इसलिए क्योंकि पाकिस्तान के आतंकवादी संगठनों से संबंध हैं.
ये भी पढ़ें- बांग्लादेश में दीपू दास हत्या का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, भीड़ को उकसाकर खुद शव को जलाया जिंदा; मस्जिद में इमाम है मास्टरमाइंड
इजरायल की प्राथमिकता
अजार ने कहा कि इजरायल की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में बंधकों और मृत बंधकों के शवों की वापस प्राप्त करने के साथ ही हमास के सैन्य और राजनीतिक दोनों प्रकार के बुनियादी ढांचे को ध्वस्त करना है. उन्होंने कहा कि अगर हमास ट्रंप के पीस प्लान के तहत डिप्लोमैटिक प्रेशर के आगे नहीं झुकता है, तो इजरायल के पास अपने दम पर कार्रवाई करने के अलावा कोई ऑप्शन नहीं बचेगा. उन्होंने कहा,’ या तो हमास भंग हो जाए, या किसी भी प्लानिंग के दूसरे स्टेज को लागू करना असंभव हो जाएगा.’
