News in Brief

BBL 2025-26: ऑस्ट्रेलिया में चल रही बिग बैश लीग 2025-26 के 15वें मैच में होबार्ट हरिकेंस का सामना मेलबर्न रेनेगेड्स से हुआ. सोमवार को बेलेरिव ओवल मैदान पर खेले गए मुकाबले में अनुभवी विकेट कीपर बल्लेबाज मैथ्यू वेड ने ताबड़तोड़ अंदाज में खेलते हुए होबार्ट हरिकेंस को हारी हुई बाजी जीता दी. वेड की इस आक्रामक पारी को देखकर टी20 वर्ल्ड कप की वो पुरानी यादें ताजा हो गईं, जब उन्होंने पाकिस्तान के स्टार तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी की धज्जियां उड़ाते हुए ऑस्ट्रेलिया को सेमीफाइनल में यादगार जीत दिलाई थी.

BBL 2025-26 के 15वें मुकाबले में होबार्ट हरिकेंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. इसके बाद मेलबर्न रेनेगेड्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 162 रनों का स्कोर खड़ा किया. लक्ष्य का पीछा करते हुए एक समय पर हरिकेंस की टीम संकट में थी. 94 रन पर आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी और ऐसा लगा कि मैच रेनेगेड्स के कब्जे में है.

मैथ्यू वेड ने जबड़े से छीन ली जीत

Add Zee News as a Preferred Source

नंबर-6 पर बल्लेबाजी करने उतरे मैथ्यू वेड को तेजी से रन भी बनाने थे और साथ ही विकेट भी बचानी थी. 38 वर्षीय खिलाड़ी ने अनुभव का परिचय देते हुए अटैकिंग मोड अपनाया और कुछ ही ओवर में मैच का रंग-रूप बदल दिया. मैथ्यू वेड ने 215.00 की स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 20 गेंदों पर नाबाद 43 रन बनाए और अपनी टीम को जीत दिलाकर ही सांस ली. ताबड़तोड़ पारी के दौरान ऑस्ट्रेलियाई विकेट कीपर ने 2 चौके और 4 छक्के जड़े.

12 गेंद पर चाहिए थे 18 रन

होबार्ट हरिकेंस को जीत के लिए 12 गेंद पर 18 रनों की दरकार थी. मैथ्यू वेड ने अगले ओवर में ही काम-तमाम कर दिया. गुरिंदर संधू कर ओवर में उन्होंने दो छक्के और एक चौका जड़ा. वेड ने इसी ओवर में 18 रन बना डाले और 6 गेंद रहते होबार्ट हरिकेंस को जीत दिला दी.

शाहीन अफरीदी को दे चुके हैं गहरा जख्म

टी20 वर्ल्ड कप 2021 में मैथ्यू वेड ने पाकिस्तान को ऐसा गहरा जख्म दिया था, जिसे फैंस हमेशा याद रखेंगे. दुबई में खेले गए सेमीफाइनल में वेड ने पाक के सबसे प्रीमियम बॉलर शाहीन अफरीदी को आड़े हाथों लिया और 19वें ओवर में उनके खिलाफ लगातार 3 छक्के जड़कर सनसनी मचा दी थी. ऑस्ट्रेलिया ने उस मुकाबले में आखिरी 5 ओवरों में पाकिस्तान की लंका लगाते हुए 62 रन बनाए थे. कंगारुओं ने 5 विकेट से मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाई और फिर विश्व कप पर कब्जा किया था.

ये भी पढ़ें: कौन हैं इमाद वसीम की बेगम सानिया? बला सी खूबसूरत… गोद में बच्चा और पाकिस्तानी क्रिकेटर ने दिया धोखा!