US Trade Probe Into Pakistani Dental Tool Imports: पाकिस्तान के लिए बहुत बुरी खबर सामने आई है. अमेरिका में उनकी चोरी पकड़ी गई है. नामजद कंपनियों को साफ कह दिया गया है कि 20 दिनों के अंदर जवाब दीजिए, अगर आरोप सही पाए गए तो बहुत बड़ा झटका पाकिस्तानियों के लिए हो सकता है. आइए जानते हैं पूरी खबर. 

अमेरिका में पाकिस्तानी डेंटल टूल्स पर जांच क्यों?
अमेरिका के यूएस इंटरनेशनल ट्रेड कमीशन (USITC) ने पाकिस्तान से आने वाले डेंटल उपकरणों, खासकर डेंटल बर्स और किट्स, के खिलाफ औपचारिक जांच शुरू कर दी है. यह जांच टैरिफ एक्ट 1930 की धारा 337 के तहत की जा रही है, जो आयात में होने वाली अनुचित व्यापारिक गतिविधियों से जुड़ी होती है. इस पूरे मामले की शुरुआत मिशिगन स्थित दो अमेरिकी कंपनियों Huwais IP Holding LLC और Versah LLC की शिकायत से हुई है.

क्या हैं आरोप?
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पाकिस्तान समेत कई देशों से आयात किए जा रहे “ओसियोडेंसिफिकेशन डेंटल बर्स और उनकी किट्स” अमेरिका के दो पेटेंट और तीन रजिस्टर्ड ट्रेडमार्क
का उल्लंघन कर रही हैं. कंपनियों का यह भी दावा है कि अमेरिका में इस तरह के उत्पादों का घरेलू उद्योग मौजूद है, जो धारा 337 के तहत कार्रवाई के लिए जरूरी शर्त है.

Add Zee News as a Preferred Source

सियालकोट की कंपनियां क्यों निशाने पर?
इस केस में जिन कंपनियों को आरोपी बनाया गया है, उनमें बड़ी संख्या पाकिस्तान के सियालकोट इलाके की है. सियालकोट दुनिया भर में सर्जिकल और डेंटल उपकरणों के बड़े निर्माण केंद्र के रूप में जाना जाता है. इसके अलावा इस जांच में यूएई, ब्रिटेन, कनाडा, इटली, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका की कुछ कंपनियों के नाम भी शामिल हैं.

जांच सही निकली तो क्या होगा?
अगर आरोप सही पाए जाते हैं तो शिकायतकर्ता कंपनियों ने मांग की है कि इन डेंटल उत्पादों के अमेरिका में आयात पर रोक लगाई जाए. संबंधित कंपनियों के खिलाफ सीज एंड डिसिस्ट ऑर्डर जारी किया जाए. USITC ने साफ किया है कि सभी आरोपित कंपनियों को 20 दिनों के भीतर जवाब देना होगा. समय पर जवाब न देने पर माना जाएगा कि कंपनियां आरोपों को चुनौती नहीं दे रहीं, और बिना आगे की सुनवाई के ही उनके खिलाफ आदेश जारी हो सकते हैं.

पाकिस्तान के लिए क्यों अहम है यह मामला?
यह जांच पाकिस्तान के मेडिकल और डेंटल उपकरण निर्यातकों के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है. सियालकोट की कई कंपनियां अमेरिकी और यूरोपीय बाजारों पर निर्भर हैं. अगर पेटेंट उल्लंघन साबित हुआ तो अमेरिका में इन कंपनियों की पहुंच सीधे तौर पर बंद हो सकती है.

सियालकोट में क्यों मचा हाहाकार?
सियालकोट दुनिया का सबसे बड़ा हब है सर्जिकल और डेंटल इंस्ट्रूमेंट्स का. यहां की फैक्टरियां अमेरिका में करोड़ों का माल बेचती हैं. अगर बैन लगा तो हजारों मजदूरों-कारोबारियों की कमर टूट जाएगी. पहले भी ऐसे केस में कई एक्सपोर्टर्स को भारी नुकसान हुआ है.  अमेरिका अब हेल्थकेयर प्रोडक्ट्स में आईपी (इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी) की रक्षा के लिए बहुत सख्त हो गया है. ये जांच उसकी नई पॉलिसी का हिस्सा लगती है.

अब पाकिस्तान के सामने क्या विकल्प?  
अगर पाकिस्तानी कंपनियां मजबूत सबूत और अच्छे वकील लेकर लड़ती हैं तो शायद बच भी जाएं. लेकिन 20 दिन बहुत कम समय है. कई एक्सपर्ट्स कह रहे हैं  या तो सेटलमेंट कर लो या तैयारी कर लो बड़े नुकसान की.  सियालकोट के डेंटल साम्राज्य पर अब तलवार लटक रही है. देखना ये है कि क्या वो इस झटके से उबर पाते हैं या अमेरिकी बाजार से हमेशा के लिए बाहर हो जाते हैं.  

बढ़ती सख्ती का संकेत
यह मामला दिखाता है कि अमेरिका अब विदेशी मेडिकल डिवाइस पर पेटेंट और ट्रेडमार्क कानूनों को लेकर सख्त रुख अपना रहा है. आने वाले समय में दूसरे देशों के निर्यातकों पर भी इसका असर पड़ सकता है.