Pooja Vastrakar joins RCB: इन दिनों विमेंस प्रीमियर लीग के चौथे सीजन की धूम है. डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इस सीजन कमाल का प्रदर्शन किया है. उसने 5 मैच खेले और सभी जीतकर प्लेऑफ में एंट्री करने वाली पहली टीम बन गई है. प्लेऑफ में पहुंचना उसके लिए गुड न्यूज थी, तो इसके तुरंत बाद एक और बड़ी खुशखबरी RCB को मिली है, क्योंकि एक तूफानी ऑलराउंडर टीम से जुड़ चुकी है. वो बचे हुए सभी मैच खेलने के लिए पूरी तरह तैयार है. ये वही खिलाड़ी है, जो गेंद और बल्ले से मैच का रुख पलटने की क्षमता रखती है. उसके टीम में वापस आने से कप्तान स्मृति मंधाना का चेहरा खिल गया है.
इस सीजन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु शानदार प्रदर्शन कर रही है. उसके सामने कोई भी टीम नहीं टिक रही. 5 में से 5 मैच जीतकर वो पॉइंट्स टेबल में 10 अंकों के साथ नंबर एक पर काबिज है. अच्छे प्रदर्शन के बाद भी टीम को प्लेऑफ में एक फिनिशर की कमी खल रही थी. ऐसे में पूजा वस्त्राकर के आने से टीम को बेशक मजबूती मिली है. दाएं हाथ की स्टार ऑलराउंडर पूजा वस्त्राकर वडोदरा में टीम से जुड़ चुकी हैं. इस खिलाड़ी को RCB ने 85 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा था.
दरअसल, 10 जनवरी से शुरू हुए इस सीजन के लीग स्टेज मैचों में पूजा वस्त्राकर फिट नहीं थीं. इसलिए RCB को मजबूरी में अलग-अलग विकल्प आजमाने पड़े. सबसे पहले टीम ने इंग्लैंड की स्पिनर लिंडसे स्मिथ को आजमाया, फिर अरुंधति रेड्डी ने लॉरेन बेल के साथ पावरप्ले में जिम्मेदारी संभाली, जबकि नादिन डी क्लर्क ने पहले मैच में चार विकेट लेकर और मैच जिताऊ अर्धशतक ठोका. कप्तान मंधाना के ये प्रयोग सफल रहे, लेकिन ये RCB की दीर्घकालिक योजना नहीं थी. पूजा वस्त्राकर के साथ ही RCB प्लेऑफ में उतरने वाली है.
पूजा को क्या हुआ था?
अब सवाल ये है कि आखिर पूजा को हुआ क्या था? तो जान लीजिए कि वो कंधे की चोट से जूझ रही थीं. इसलिए मैदान से बाहर रहीं. पिछले कई महीनों से वो BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब कर रही थीं, जहां वो लगभग पूरी तरह फिट हो चुकी थीं, लेकिन चौथे सीजन के आगाज से ठीक पहले उन्हें हैमस्ट्रिंग की समस्या हो गई. इसलिए वो दो हफ्ते तक मैदान से बाहर रहीं. अब टीम में उनकी वापसी से RCB की ताकत बढ़ चुकी है.
पूजा कर पाएंगी ये कमाल?
RCB को अभी दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस और यूपी वॉरियर्ज के खिलाफ मैच खेलने हैं, जिनमें पूजा वस्त्राकर नजर आ सकती हैं. 5 मैचों में RCB के लिए 5 अलग-अलग खिलाड़ी जीत की हीरो बनी हैं. सभी मैचों में अलग-अलग खिलाड़ियों ने प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीता है. अब देखना होगा कि पूजा टीम में वापसी के साथ ये कमाल कर पाती हैं या नहीं.
ये भी पढ़ें: IND vs NZ 2nd T20I: चोटिल अक्षर पटेल की जगह किसे मिलेगा मौका? इस मैच विनर की होगी प्लेइंग 11 में एंट्री!
