End Of The World In 2026: साल 2026 की शुरुआत के साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ‘प्रलय’ की भविष्यवाणियों ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है. मीम्स में दुनिया शेष, सब खत्म जैसे संदेशों से लेकर बाबा वेंगा, नोस्ट्राडेमस और अन्य रहस्यवादियों की भविष्यवाणियों को लोग शेयर कर रहे है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर यह दावा किया जा रहा है कि 2026 मानव सभ्यता के लिए निर्णायक वर्ष हो सकता है. कहीं तीसरे विश्व युद्ध की आशंका जताई जा रही है तो कहीं भीषण प्राकृतिक आपदाओं, एलियन संपर्क और वैश्विक आर्थिक पतन की चेतावनियां दी जा रही हैं.

लिविंग नोस्ट्राडेमस एथोस की भी भविष्यवाणियां हो रही वायरल

विशेषज्ञों के अनुसार 2026 को लेकर फैल रही प्रलय की आशंकाएं किसी एक विश्वसनीय स्रोत पर आधारित नहीं हैं. यह पुरानी भविष्यवाणियों है, विज्ञान की गलत समझ और मौजूदा वैश्विक संकटों से उपजी सामूहिक चिंता का मिश्रण हैं. रूस-यूक्रेन युद्ध, मध्य पूर्व में तनाव, दक्षिण चीन सागर में बढ़ती प्रतिस्पर्धा और वैश्विक आर्थिक अस्थिरता जैसे मुद्दे इन आशंकाओं को और हवा दे रहे हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

1996 में निधन हो चुकीं बल्गेरियाई रहस्यवादी बाबा वेंगा का नाम एक बार फिर सुर्खियों में है. न्यूयॉर्क पोस्ट, द मिरर और एक्सप्रेस जैसी मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि उनके अनुयायी 2026 को तीसरे विश्व युद्ध, भयानक मौसम, भूकंप, ज्वालामुखी विस्फोट और यहां तक कि एलियन संपर्क से जोड़ रहे हैं. हालांकि, विशेषज्ञ बताते हैं कि बाबा वेंगा की भविष्यवाणियों का कोई आधिकारिक लिखित रिकॉर्ड मौजूद नहीं है और उनकी बातों को वर्षों बाद अलग-अलग संदर्भों में ढाला गया है. इसी तरह नोस्ट्राडेमस की चौपाइयों, पाकिस्तानी आध्यात्मिक गुरु रियाज अहमद गोहर शाही और ब्राजील के लिविंग नोस्ट्राडेमस एथोस सलोम की बातें भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं. इनमें वैश्विक युद्ध, महामारियों की आशंकाएं शामिल हैं.

सोशल मीडिया पर इतनी तेजी से क्यों फैलती हैं ऐसी भविष्यवाणियां?

मनोवैज्ञानिकों के अनुसार प्रलय से जुड़ी खबरें भय और अनिश्चितता जैसी तीव्र भावनाओं को उकसाती हैं, जिससे वे तेजी से वायरल होती हैं. सोशल मीडिया एल्गोरिदम भी सनसनीखेज कंटेंट को बढ़ावा देते हैं. शोध बताते हैं कि ज्यादा लाइक और शेयर किसी खबर को प्रमाण प्रदान करते हैं, जिससे खतरा अधिक वास्तविक लगने लगता है. फोर्ब्स के अनुसार, मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ डेब्रा किस्सेन मानती हैं कि किसी निश्चित तारीख से जुड़ी प्रलय की अवधारणा लोगों को अस्थिर समय में भी नियंत्रण का एहसास देती है. अन्य विशेषज्ञों का कहना है कि अस्पष्ट और लंबे समय तक चलने वाले खतरे-जैसे जलवायु परिवर्तन या भू-राजनीतिक तनाव लोगों को भारी लगते हैं, इसलिए उन्हें ज्यादा देखा या फिर पढ़ा जाता है.

क्या 2026 में सचमुच दुनिया खत्म हो जाएगी?

इतिहास असफल प्रलय की भविष्यवाणियों से भरा पड़ा है. Y2K संकट हो या 2012 का माया कैलेंडर, हर बार मानवता ने खुद को ढाला और आगे बढ़ी. वैज्ञानिक और ऐतिहासिक दृष्टि से भी 2026 में दुनिया के अंत का कोई ठोस प्रमाण नहीं है. विशेषज्ञ मानते हैं कि 2026 में चुनौतियां जरूर होंगी लेकिन मानव सभ्यता के पूर्ण अंत की संभावना बेहद कम है.