Harshit Rana: नए साल 2026 में हर्षित राणा अलग ही मूड में मैदान पर उतरे हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ वडोदरा में पहला मैच खेलते हुए उन्होंने अपने प्रदर्शन से सभी का दिल जीत लिया. हर्षित ने पहले गेंद से कोहराम मचाया, फिर बल्ले से भी कमाल कर दिखाया. कुल मिलाकर यह मैच उनके लिए बेहद खास रहा. हर्षित ने मुकाबले में 2 अहम विकेट लेकर जसप्रीत बुमराह और इरफान पठान जैसे दिग्गजों का एक खास रिकॉर्ड तोड़ दिया.
साल 2025 में वनडे डेब्यू करने वाले हर्षित राणा अब भारत के लिए 12 वनडे मैचों के बाद सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज बन गए हैं. उनके नाम 23 विकेट हो चुके हैं. इस लिस्ट में वह इरफान पठान (21 विकेट) और जसप्रीत बुमराह (22 विकेट) से आगे निकल चुके हैं. नंबर एक पर अजीत अगरकर का नाम है, जिन्होंने भारत के लिए अपने पहले 12 वनडे मैचों में कुल 29 विकेट चटकाए थे. इस रिकॉर्ड का टूटना बेहद मुश्किल माना जाता है.
12 वनडे मैचों के बाद सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
- 29- अजीत अगरकर
- 23- हर्षित राणा
- 22- जसप्रीत बुमराह
- 21- इरफान पठान
हर्षित ने मैच में क्या खास किया?
नए साल 2026 के पहले मैच में हर्षित राणा ने 10 ओवर में 65 रन देकर 2 विकेट झटके और आखिर में बल्ले से 23 गेंदों पर 2 चौके और 1 छक्के की मदद से 29 रन भी बनाए. यह वही हर्षित राणा हैं, जिन्हें टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर का करीबी बताकर सोशल मीडिया पर कई बार ट्रोल किया जाता है. टीम में लगातार मौके मिलने की वजह भी गंभीर का उनके प्रति सॉफ्ट रवैया बताया जाता है, जबकि असलियत इससे अलग है. हर्षित ने कड़ी मेहनत के दम पर टीम इंडिया में जगह बनाई है. चयनकर्ता उनमें भविष्य का स्टार गेंदबाज देख रहे हैं, इसलिए इस खिलाड़ी को लगातार मौके मिल रहे हैं.
मैच का पूरा लेखा-जोखा
अगर मैच की बात करें तो भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला वनडे वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में खेला गया, जिसमें कीवी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 301 रन बनाए. इसके जवाब में टीम इंडिया ने 6 विकेट खोकर 49 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया. जीत के हीरो विराट कोहली रहे, जिन्होंने 91 गेंदों पर 8 चौके और 1 छक्के की मदद से 93 रनों की शानदार पारी खेली.
ये भी पढ़ें: IND vs NZ: शतक से चूकने का दुख है? Virat Kohli ने मैच के बाद बताई दिल की बात
