
India vs New Zealand 4th T20I: भारत के खिलाफ 5 टी20 मैचों की सीरीज के चौथे मुकाबले में आखिरकार न्यूजीलैंड के ओपनर्स बल्लेबाजों का बल्ला चल गया. डेवोन कॉन्वे और टिम साइफर्ट ने विशाखापत्तनम के एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में बुधवार (28 जनवरी) ने तबाही मचा दी. दोनों ने भारतीय गेंदबाजों को जमकर धोया और सिर्फ 49 गेंदों में ही 100 रन बोर्ड पर टांग दिए. कॉन्वे और साइफर्ट की बदौलत न्यूजीलैंड ने इतिहास रच दिया.
भाकत के खिलाफ सबसे तेज ‘शतक’
न्यूजीलैंड ने ने महज 8.1 ओवरों में 100 रन पूरे किए. यह भारत में टीम इंडिया के खिलाफ किसी देश का सबसे तेज ‘शतक’ है. यह न्यूजीलैंड का भारत के विरुद्ध सबसे तेज शतक भी है. इसके साथ यह भारत के खिलाफ टी20 फॉर्मेट में किसी टीम का संयुक्त रूप से दूसरा सबसे तेज शतक है. कॉन्वे 23 गेंदों में 3 छक्कों और 4 चौकों के साथ 44 रन बनाकर आउट हुए, जबकि साइफर्ट ने 36 गेंदों में 62 रन जुटाए. उनकी इस पारी में 3 छक्के और 7 चौके शामिल थे.
4 साल बाद भारत के खिलाफ ओपनर्स की शतकीय साझेदारी
डेवोन कॉन्वे ने टिम साइफर्ट के साथ 8.2 ओवरों में 100 रनों की साझेदारी की. यह अक्टूबर 2022 के बाद कीवी टीम की पहली ऐसी ओपनिंग जोड़ी थी, जिनके बीच टी20 क्रिकेट में शतकीय साझेदारी हुई. इससे पहले कॉन्वे ने फिन एलेन के साथ पाकिस्तान के विरुद्ध 11 अक्टूबर 2022 को पहले विकेट के लिए 13.3 ओवरों में 117 रन जुटाए थे.
ये भी पढ़ें: ICC Rankings: टी20 वर्ल्ड कप से पहले सूर्यकुमार यादव को रैंकिंग का बूस्टर, डायरेक्ट टॉप-10 में मारी एंट्री
साइफर्ट ने बनाया स्पेशल रिकॉर्ड
टिम साइफर्ट ने 25 गेंदों पर भी भारत के खिलाफ इस मैच में अर्धशतक पूरा कर लिया. वह टी20 इंटरनेशनल में भारत के खिलाफ न्यूजीलैंड के लिए संयुक्त रूप से सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए. उन्होंने इस मामले में पूर्व कप्तान केन विलियम्सन और पूर्व बल्लेबाज रॉस टेलर की बराबरी कर ली. विलियम्सन और टेलर ने 2020 में ऑकलैंड में 25 गेंदों में यह कारनामा किया था.
ये भी पढ़ें: IND vs NZ 4th T20I: टीम इंडिया की प्लेइंग-11 से क्यों OUT हुए ईशान किशन? सूर्यकुमार यादव ने दी शॉकिंग न्यूज
न्यूजीलैंड के नाम एक और रिकॉर्ड
कीवी टीम ने इस मैच में 6 ओवरों में बिना विकेट गंवाए 71 रन बना लिए थए. यह पावरप्ले में भारत के खिलाफ उसका टी20 इंटरनेशनल में सर्वोच्च स्कोर है. इससे पहले 2020 में ऑकलैंड में उसने 68/0 का स्कोर बनाया था. भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. न्यूजीलैंड ने 20 ओवरों में 215 रन बनाए. साइफर्ट और कॉन्वे के अलावा डेरिल मिचेल ने नाबाद 39 और ग्लेन फिलिप्स ने 24 रन बनाए. भारत के लिए अर्शदीप सिंह और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट लिए.
