
Patna: कोरोना काल मे बिहार में कालाबाजारी अपने चरम पर है. ऑक्सीजन सिलेंडर से लेकर जीवन रक्षक दवाइयों की भी कालाबाजारी की जा रही है. आर्थिक अपराध इकाई के पास हर रोज ऐसे 80 से 100 शिकायते पहुंच रही हैं. लेकिन उन शिकायतों पर जो करवाई हो रही है वो ऊंट के मुंह मे जीरा समान है.
कोरोना काल में मेडिकल संसाधनों की कालाबाजारी को रोकने के लिए पुलिस विभाग की आर्थिक अपराध इकाई सक्रिय है. हर दिन कालाबाजारी से जुड़े लोगो को गिरफ्तार भी किया जा रहा है, लेकिन शिकायतों की संख्या के हिसाब से ये बेहद कम है.
पुलिस विभाग ने बनाई है टीम
EOU ने कालाबाजारी से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए DSP के नेतृत्व में दो विशेष टीमों का गठन किया है. इसके अलावा एंबुलेंस से जुड़ी शिकायतों पर एक्शन लेने के लिए ASP के नेतृत्व में एक 10 सदस्यीय टीम का गठन किया है. निजी हॉस्पिटल में सरकारी दर से ज्यादा कीमत पर इलाज की शिकायतों पर करवाई के लिए सीनियर DSP के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई है. इन सबके बीच किसी भी तरह की परेशानी होने पर आम लोगों के लिए 24 घंटे काम करने वाला कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, जिसका नंबर भी सार्वजनिक किया गया है. जिस पर हर दिन 80 से 100 शिकायतें आ रही हैं.
विभाग द्वारा की गई कार्रवाई
वहीं, अगर कार्रवाई की बात करें तो पटना में अब तक सिर्फ 5 केस ही दर्ज किये गए हैं, जिसमे 14 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है. जिसमे पुलिस ने 50 लीटर वाले 12 ऑक्सीजन सिलेंडर जब्त किये हैं. इसके अलावा 42 ऑक्सीजन सिलेंडर रेगुलेटर और 5 रेमिडिसिवर के इंजेक्शन को भी बरामद किया गया है. पूरे जिले की बात करें तो कालाबाजारी अवैध भंडारण से जुड़े मामलों में अब तक 238 जगह छापेमारी की गई है. जिसमे केवल 10 केस ही दर्ज हो पाए हैं.इसमें 17 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है. इनके पास से 346 ऑक्सीजन सिलिंडर बरामद किए गए हैं.
ये भी पढ़ें: बिहार में कम सजा वाले कैदियों को छोड़ेगी नीतीश सरकार! जानिए क्या है वजह
साइबर क्राइम से भी पुलिस है परेशान
साइबर अपराधियों ने भी पुलिस के पसीने छुड़ा रखे हैं. बिहार के 3 जिलों से साइबर अपराध की शिकायतें सबसे ज्यादा मिल रही हैं. साइबर अपराध पर नियंत्रण के लिए EOU ने एक DSP के नेतृत्व में 8 सदस्यीय विशेष साइबर टीम का गठन किया है. ज्यादातर साइबर अपराधी नालंदा, नवादा और शेखपुरा जिले के हैं. पुलिस ने नालंदा से पांच और नवादा से 7 साइबर अपराधियो को गिरफ्तार किया है. इसके अलावा दिल्ली पुलिस की टीम को पटना से 2 साइबर अपराधियो को पकड़ने में मदद भी की है.
