News in Brief

Patna: कोरोना की दूसरी लहर की वजह से बिहार में लगातार मामले सामने आ रहे हैं. हालांकि सरकार द्वारा लगाये गए लॉकडाउन की वजह से राज्य में लगातार कोरोना के मामले घट रहे थे. जिस वजह से एक बार फिर से नीतीश सरकार ने लॉकडाउन को बढ़ाने का फैसला किया है. उन्होंने इस बात की जानकारी ट्वीट कर के दी है. 

लॉकडाउन को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्वीट किया, ‘आज सहयोगी मंत्रीगण एवं पदाधिकारियों के साथ बिहार में लागू लॉकडाउन की स्थिति की समीक्षा की गयी. लॉकडाउन का सकारात्मक प्रभाव दिख रहा है. अतः बिहार में अगले 10 दिनों अर्थात 16 से 25 मई, 2021 तक लॉकडाउन को विस्तारित करने का निर्णय लिया गया है.’

गौरतलब है कि कोरोना की दूसरी लहर की वजह से राज्य में शुरुआत में कोरोना के मामले लगातर बढ़ रहे थे. लेकिन लॉकडाउन लगने के बाद से ही राज्य में कोरोना के मामले लगातार गिर रहे है.  

अगर राज्य में कोरोना मामलों की बात करें तो स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 9,863 लोग कोरोना से पॉजिटिव मिले. जबकि पटना समेत 6 जिले ज्यादा प्रभावित बताए जा रहे हैं. जारी आंकड़ों के अनुसार पटना में कोरोना के 977, नालंदा में 523, मुजफ्फरपुर में 506, समस्तीपुर में 487, कटिहार में 478, और बेगूसराय में 409 एक्टिव केस पाए गए हैं. जबकि इस दौरान 1 लाख 11 हजार 740 टेस्ट हुए हैं.