News in Brief

बालाघाटः कोरोना वायरस संक्रमण इन दिनों इतनी तेजी से फैल रहा है, इससे बचने की हर संभव कोशिश भी कम साबित हो रही है. वायरस से आम आदमी, नेता, अभिनेता, खिलाड़ी तो संक्रमित हो ही रहे थे, जंगलों में छिप कर रहने वाले नक्सली भी कोरोना पॉजिटिव हो गए. नक्सलियों में संक्रमण का पता चलते ही बालाघाट एसपी मदद को आगे आए और मीडिया के माध्यम से संदेश भेजा कि नक्सली समर्पण कर दें, उनका इलाज प्रशासन द्वारा करवाया जाएगा. 

संक्रमितों को इलाज की सख्त जरूरत
यहां मध्य प्रदेश के बालाघाट स्थित कान्हा नेशनल पार्क में विस्तार दलम नामक नक्सली संगठन सक्रिय है. बालाघाट एसपी अभिषेक तिवारी ने मीडिया के माध्यम से कहा कि प्रशासन को विस्तार टू और थ्री दलम के तीन नक्सलियों के संक्रमित होने की सूचना मिली. तीनों की हालत गंभीर है, उन्हें इलाज की सख्त जरूरत है, लेकिन सुविधाओं के अभाव में उन्हें इलाज नहीं मिल पा रहा है.

यह भी पढ़ेंः- इस गांव से लें सीखः कोरोना की दूसरी लहर देख किए ऐसे इंतजाम, अब तक नहीं मिला कोई पॉजिटिव केस

‘आत्मसमर्पण करें, इलाज प्रशासन करवाएगा’
एसपी ने कहा नक्सली आत्मसमर्पण कर दें, वो भरोसा दिलाते हैं कि उनका बेहतर इलाज कराया जाएगा. इतना ही नहीं ठीक होने पर उन्हें शासन की सभी योजनाओं का लाभ भी मिलेगा. ऐसी बीमारी से तड़प कर मरने से अच्छा है आत्मसमर्पण कर देना. एसपी ने कहा कि नक्सली लगातार ग्रामीणों के संपर्क में भी रहते हैं, ऐसे में गांव में भी संक्रमण फैलने का खतरा रहेगा. इससे बेहतर है प्रशासन की बात मानकर आत्मसर्पण कर दिया जाए.

छत्तीसगढ़ बॉर्डर से दो संक्रमित नक्सली गिरफ्तार
बालाघाट से कुछ ही दूरी पर छत्तीसगढ़ बॉर्डर है, यहां छत्तीसगढ़ की कबीरधाम जिला पुलिस ने बॉर्डर से दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया. कवर्धा एसपी सलभ कुमार सिन्हा ने बताया कि पकड़े गए नक्सलियों के नाम दिवाकर और लक्ष्मी हैं. दोनों ही इनामी नक्सली हैं. जांच में दोनों संक्रमित पाए गए, उनका इलाज जारी है. 

यह भी पढ़ेंः-बड़ी लापरवाहीः वैक्सीनेशन के बाद बुखार की जगह दे दी शुगर की गोलियां, पांच लोगों ने की उल्टियां

स्वस्थ होने के बाद करेंगे पूछताछ
कवर्धा एसपी सिन्हा ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान दोनों के पास किसी भी प्रकार के हथियार नहीं मिले. पुलिस इनके स्वस्थ होने का इंतजार कर रही है. ठीक होने के बाद ही इनसे पूछताछ की जाए, दोनों से पूछताछ में बड़ा खुलासा होने की संभावना है. 

यह भी पढ़ेंः- खून के रिश्ते पर भारी फर्जः कोरोना नियमों का उल्लंघन किया तो बेटे ने ही मां का सब्जी का ठेला किया जब्त

WATCH LIVE TV