News in Brief

Darbhanga: DMCH के मेडिसिन विभाग में इलाजरत जाप के राष्ट्रीय संरक्षक और पूर्व सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की दरभंगा के पारस अस्पताल में स्वास्थ्य जांच कराई गई. इस दौरान उन्हें एंबुलेंस से भारी सुरक्षा के बीच DMCH से अल्ललपट्टी स्थित पारस अस्पताल लाया गया.

दरअसल, पप्पू यादव ने DMCH आने के बाद स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों की शिकायत की थी. उसके बाद DMCH प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उनकी स्वास्थ्य जांच कराई थी. जिसके बाद दरभंगा के जेल अधीक्षक संदीप कुमार पप्पू यादव से मिलने डीएमसीएच पहुंचे.  इस दौरान उन्होंने बताया कि डीएमसीएच में भर्ती पप्पू यादव के लिए जेल मैन्युअल का पालन किया जा रहा है और इसकी निगरानी के लिए एक कमेटी बनाई गई है. इस कमेटी में जेल अधीक्षक, दरभंगा के सदर एसडीओ और सदर एसडीपीओ शामिल हैं. इसी संबंध में वो DMCH आए थे.

उन्होंने पप्पू यादव को जेल मैन्युअल का पालन करते हुए ज़्यादा लोगों से नहीं मिलने को कहा है. इसी बीच पप्पू यादव को DMCH में गठित मेडिकल टीम ने पटना भेजने की सिफारिश की है. इस कमिटी अध्यक्षता अधीक्षक डॉ. मणिभूषण शर्मा ने की. बोर्ड की शुक्रवार को हुई बैठक में पप्पू यादव के बेहतर उपचार को लेकर चर्चा की गयी. 

जानकारी के अनुसार सदस्यों ने उनकी शारीरिक स्थिति को देखते हुये उन्हें इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी भेजने की सिफारिश की है. उनके ह्दय में कुछ समस्या हैं और किडनी में स्टोन है. इसके अलावा उन्हें अन्य शारीरिक दिक्कतें हैं. अधीक्षक डॉ. शर्मा ने बताया कि मेडिकल टीम की बैठक में अभी तक कोई लिखित प्रस्ताव तैयार नहीं किया गया है लेकिन आगे के दिशा- निर्देश के लिये जिला प्रशासन को प्रस्ताव भेजा जायेगा. 

ये भी पढ़ें- Bihar में लॉकडाउन का दिखा सकारात्मक असर, लगातार दूसरे दिन दस हजार से कम मामले दर्ज   

उन्होंने आगे बताया कि फिलहाल उनका उपचार किया जा रह है. अभी कई प्रकार की जांच करायी गयी है. जिसकी रिपोर्ट कल तक आ जाएगी. जिसके बाद उनकी लेकर स्थिति और स्पष्ट हो जायेगी. बता दें कि पप्पू यादव को गुरुवार की शाम वीरपुर से भारी सुरक्षा के बीच डीएमसीएच लाया गया था. कल जाप अध्यक्ष ने कहा था कि उनको पीठ व किडनी में दर्द की शिकायत है.

(इनपुट:मुकेश)