
Darbhanga: DMCH के मेडिकल बोर्ड ने इलाजरत जाप के राष्ट्रीय संरक्षक और पूर्व सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को कार्डियो के बेहतर मूल्यांकन के लिए पटना भेजने की सिफारिश की है. शुक्रवार को हुई बोर्ड की बैठक में पप्पू यादव के बेहतर उपचार को लेकर चर्चा की गई. इस चार सदस्यीय बोर्ड बैठक की अध्यक्षता अधीक्षक डॉ मणिभूषण शर्मा ने की.
जानकारी के अनुसार, सदस्यों ने उनकी शारीरिक स्थिति को देखते हुए उन्हें इंदिरा गांधी इंस्टीटयूट ऑफ कार्डियोलॉजी में भेजने की सिफारिश की है. उनके ह्दय में कुछ समस्या हैं. किडनी में स्टोन है. साथ ही अन्य शारीरिक दिक्कतें हैं. इसी के चलते उन्हें सिटी स्कैन और एमआरआई जांच के लिए डीएमसीएच परिसर में पीपीई मोड़ पर बने मेदांता के जांच केंद्र पर लाया गया है.
दरअसल, डीएमसीएच में जिस जांच की सुविधा नहीं है उसे बाहर कराया जा रहा है. कल पारस में भी पप्पू यादव कुछ जांच की गई थी. दूसरी ओर डीएमसीएच अधीक्षक डॉ मणिभूषण शर्मा ने बताया कि ‘मेडिकल टीम की बैठक के बाद पप्पू यादव की कार्डियो के बेहतर मूल्यांकन के लिए उन्हें पटना भेजने का निर्णय लिया गया है. लेकिन फिलहाल उनको स्पाइनल दर्द के कारण यहां 24 से 48 घण्टा रुकना होगा. पल-पल उनकी स्थिति बदल रही है. लिहाजा अभी तक कोई लिखित प्रस्ताव तैयार नहीं किया गया है. आगे के दिशा-निर्देश के लिए जिला प्रशासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा.’
ये भी पढ़ें- पप्पू यादव को जांच के लिए ले जाया गया प्राइवेट अस्पताल, पूर्व सांसद बोले- मेरी जिंदगी के साथ हो रहा है खिलवाड़
डॉ मणिभूषण ने कहा कि ‘तत्काल उनका उपचार जारी है. कई प्रकार की जांच कराई गई हैं. जिनकी रिपोर्ट कल तक आ जाएगी. उसके बाद स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी.’ बता दें कि मेडिकल टीम में अधीक्षक के अलावा मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ यूसी झा, सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ भीएस प्रसाद व कार्डियोलॉजी के डॉ ज्योति प्रकाश कर्ण शामिल थे.
इधर, पूर्व जाप जिला अध्यक्ष मुन्ना खान ने बताया कि ‘उनकी कमर में दर्द है और वो अभी यहीं पर रहकर इलाज कराने को तैयार है. जब तक कमर में दर्द ठीक नहीं होगा हम कहीं नहीं जाएंगे.’
बता दें कि पप्पू यादव को गुरूवार की शाम वीरपुर से भारी सुरक्षा के बीच डीएमसीएच लाया गया था. उनको DMCH के मेडिसीन विभाग के निकट के एक कमरे में रखकर उपचार किया जा रहा है. कल जाप अध्यक्ष ने कहा था कि उनको पीठ व किडनी में दर्द की शिकायत है.
(इनपुट- मुकेश)
