
Patna: कोरोना महामारी को ध्यान में रखते हुए सभी राजनीतिक दल के कार्यकर्ता अपने-अपने तरीके से लोगों को राहत देने में जुटे हुए हैं. ऐसे में कांग्रेस पार्टी ने भी अपने सभी विधायकों, एमएलसी और सांसद को अपने-अपने क्षेत्र में 2 एंबुलेंस देने का निर्देश दिया है. इसके लिए समय और तारीख भी पार्टी की ओर से तय कर लिए गए हैं.
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रभारी भक्त चरण दास ने शनिवार को प्रदेश कांग्रेस के सांसदों, विधायकों और विधान परिषद के सदस्यों की संयुक्त वर्चुअल बैठक की. बैठक में प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी भक्त चरण दास ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव आमजन के हित में कार्य करती रहती है. आपदा काल में कांग्रेस प्रत्येक जिले में कोविड हेल्पलाइन और नियंत्रण कक्ष काम कर रहे हैं.
ऑक्सीजन से लेकर एम्बुलेंस और जरूरी दवाओं के अलावे टेली मेडिसिन सुविधा भी प्रत्येक जिले में दी जा रही है. चरणदास में कहा कि 21 मई को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न राजीव गांधी के शहादत दिवस पर प्रदेश के सभी सांसद, विधायक और विधान पार्षद अपने जिले में दो-दो एम्बुलेंस अपने ऐच्छिक कोष से दान करें ये पार्टी की योजना है.
साथ ही मांग के अनुसार दवा और दवा के किट के साथ भोजन भी आम लोगों को उपलब्ध कराएं. बैठक में मौजूद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ मदन मोहन झा ने बताया कि हमारे कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार जनसेवा में कार्यरत हैं. कांग्रेस का हेल्पलाइन पूरे प्रदेश में मजबूती से कार्य कर रहा है. इसके अलावे अस्पतालों में बेड से लेकर दवा और भोजन तक की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है.
वर्चुअल बैठक के बारे में बताते हुए बिहार मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़ ने कहा कि प्रदेश के बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर कांग्रेस पार्टी ने कई अहम फैसले लिए जिनमें प्रत्येक जनप्रतिनिधियों से दो-दो एम्बुलेंस पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न राजीव गांधी के शहादत दिवस पर दान देने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है.
ये भी पढ़ें- जब बिहार के मुख्यमंत्री को एक अधिकारी ने कहा- मैं CM बन सकता हूं पर आप IAS नहीं, बाद में बने भारत के विदेश मंत्री
साथ ही सांसदों, विधायकों, विधान पार्षदों, विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी, नगर निगम व पालिका के पार्षद, पंचायत सदस्यों के साथ पूरे प्रदेश में सेवा भाव के लिए समितियों का गठन करने की तैयारी की गयी है.
वर्चुअल बैठक में मुख्य रूप से बिहार के प्रभारी सचिव वीरेंद्र सिंह राठौड़, सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह, लोकसभा सांसद मोहम्मद जावेद, विधान पार्षद डॉ समीर कुमार सिंह समेत सभी विधायक मौजूद थे.
