News in Brief

नई दिल्ली. West Bengal Board Exams 2021: बढ़ते कोरोना संक्रमण की वजह से वेस्ट बंगाल बोर्ड (WBSE) ने 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है. बोर्ड की तरफ से 10वीं की परीक्षाएं एक जून से, जबकि 12वीं की परीक्षाएं 15 जून  से आयोजित की जानी थीं. लेकिन कोरोना की रोकथाम के लिए राज्य में 31 मई तक पूर्ण लॉकडाउन लगाया गया है. ऐसे में एक जून से परीक्षा आयोजित करा पाना असंभव था. जिसकी वजह से परीक्षा को स्थगित कर दिया गया.

इस संबंध में जानकारी देते मुख्य सचिव अलापन बंद्योपाध्याय ने कहा कि जिस तरह से प्रदेश में कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है, उसे देखते हुए लॉकडाउन लगाना जरूरी था. वहीं, संक्रमण की वजह से परीक्षा आयोजित कराना किसी खतरे से कम नहीं होता. इसलिए परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है. अब इन परीक्षाओं को लेकर नया शेड्यूल जल्द जारी किया  जाएगा.

मुख्य सचिव अलापन बंद्योपाध्याय ने कहा कि जून में कोरोना की स्थितियों को लेकर शिक्षा विभाग और बोर्ड के अधिकारियों के साथ एक बैठक की जाएगी. जिसमें परीक्षा को आयोजित कराने को लेकर फैसला लिया जाएगा. 

आपको बता दें कि बढ़ते कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से मध्य प्रदेश बोर्ड, छत्तीसगढ़ बोर्ड, महाराष्ट्र बोर्ड, सीबीएसई सहित अन्य बोर्ड 10वीं और 12वीं की परीक्षा को पहले ही स्थगित कर चुके हैं.

WATCH LIVE TV