News in Brief

वाराणसी: कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर से देश जूझ रहा है लेकिन कुछ लोग इस आपदा में भी अपने लिए अवसर ढूंढने से बाज नहीं आ रहे हैं. दवाइयों की कालाबाजारी हो रही है, निजी अस्पताल लोगों को इलाज का लंबा चौड़ा बिल थमा रहे हैं. वाराणसी के 14 प्राइवेट अस्पतालों को इलाज के नाम पर मनमाना पैसा वूसलने के मामले में प्रशासन की ओर से नोटिस भेजकर दो दिन में जवाब मांगा गया है.

रामपुर में मिल गया ‘पैसों का पेड़’? अचानक हुई नोटों की बरसात से समझ आया माजरा

वाराणसी के जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा द्वारा कराई गई जांच में यह बात सामने आई कि शहर के 14 निजी अस्पतालों ने कोरोना के इलाज के नाम पर मरीजों से ज्यादा पैसे लिए हैं. जबकि सरकार ने प्राइवेट अस्पताल में कोरोना के इलाज के लिए दरें निर्धारित की हैं. संतोषजनक जवाब न मिलने पर संबंधित अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ विधिक कार्रवाई के साथ ही उनकी कोविड मान्यता भी समाप्त कर दी जाएगी.

इन 14 अस्पतालों को दिया गया है नोटिस
एपेक्स हॉस्पिटल भिखारीपुर, पॉपुलर हॉस्पिटल बछांव, पॉपुलर हॉस्पिटल डीएलडबल्यू, नोवा हॉस्पिटल शिवपुर, ओमेगा प्लस हॉस्पिटल सुंदरपुर, लक्ष्मी हॉस्पिटल कैंट, साईनाथ हॉस्पिटल सुंदरपुर, जनता हॉस्पिटल अखरी बाईपास, डीपी मेडिकल सेंटर पहड़िया, एसएएस हॉस्पिटल हरहुआ, वरसोवा हॉस्पिटल चितईपुर, सूर्योदय इंडिया हॉस्पिटल भोजूबीर, मेंडविन हॉस्पिटल गोदौलिया और उपकार हॉस्पिटल सुंदरपुर.

उत्तर प्रदेश सरकार ने निर्धारित की हैं दरें 
वाराणसी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि कोरोना के मध्यम संक्रमित (मोडरेट) मरीज को सहायक देखभाल सहित एक दिन के इलाज के लिए 10 हजार रुपए (पीपीई किट 12 सौ रुपये सहित) देने होंगे. गंभीर संक्रमित मरीज को बिना वेंटिलेटर आईसीयू में इलाज के लिए एक दिन के 15000 (पीपीई किट दो हजार रुपये सहित) देने होंगे. अत्यधिक गंभीर संक्रमित मरीज को एक दिन के इलाज के लिए 18000 (पीपीई किट 2 हजार रुपये सहित) देने होंगे. 

महिला को मृत घोषित करने पर डॉक्टर्स की चप्पलों से की पिटाई, अस्पताल में भी की तोड़-फोड़

यह दरें एनएबीएच (नेशनल एक्रिडिटेशन बोर्ड फॉर हॉस्पिटल एंड हेल्थकेयर) मान्यता प्राप्त हॉस्पिटलों के लिए निर्धारित की गई हैं. जबकि गैर एनएबीएच मान्यता प्राप्त अस्पतालों में इलाज के लिए एक दिन के 8000 (पीपीई के 12 सौ रुपए सहित), 13000 (पीपीई के 2000 रुपए सहित) और 15000 रुपए (पीपीई के 2 हजार रुपए की दरें निर्धारित हैं. 

WATCH LIVE TV