
Jaipur: परिवहन मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास ने रविवार को अपना जन्मदिन बड़े ही अनूठे तरिके से मनाया. मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास जन्मदिन के मौके पर शहर के अस्पतालों में गए और ऑक्सीजन कंसंट्रेटर (Oxygen Concentrator) व स्टीमर का वितरण किया.
मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास की ओर से टीबी अस्पताल व कांवटिया अस्पताल में कंसंट्रेटर का वितरण किया गया. प्रतापसिंह खाचरियावास ने इस दौरान एक दिन पहले कोरोना से जान गंवाने वाले नर्सिंग अधिकारी दयाराम आरोदिया को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजली दी.
आज जन्म दिवस के अवसर पर टीबी व कांवटिया हॉस्पिटल शास्त्री नगर का दौरा किया व भामाशाह और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से प्राप्त ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और स्टीमर वितरित किए ।। pic.twitter.com/gYL6Cq1CcE
— Pratap Khachariyawas (@PSKhachariyawas) May 16, 2021
इस दौरान प्रतापसिंह खाचरियावास ने कहा कि अब प्रदेश में कोरोना के मामले कम होने लगे हैं. उम्मीद है जल्दी ही प्रदेश कोरोना से जंग जीत लेगा. इसके लिए जरूरी है कि आमजन अपने घरों में रहें. साथ ही, कोरोना संक्रमित व्यक्ति को अकेला ना छोड़े. उसके साथ रहकर अगर हौंसला बढ़ाया जाए तो कोरोना संक्रमित व्यक्ति को सकारात्मक ऊर्जा मिलती है.
गौरतलब है कि प्रताप सिंह खाचरियावास का जन्म 16 मई 1971 जोधपुर में लक्ष्मण सिंह शेखावत और हिम्मत कंवर के यहां हुआ था. प्रताप सिंह का ताल्लुक एक राजनीतिक घराने से हैं. वह पूर्व उपराष्ट्रपति भैरव सिंह शेखावत के भतीजे हैं.
इन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत राजस्थान विश्वविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष के रूप में 1992-93 में की थी. इसके बाद वो 2008 और फिर 2018 में सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक चुने गए हैं और वर्तमान में गहलोत सरकार में परिवहन मंत्री हैं.
