News in Brief

Jaipur: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कोविड-19 की स्थिति पर बात की, उन्होंने राज्य में ऑक्सीजन संकट का भी हवाला दिया और उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार जल्द ही जीवन की आपूर्ति यानी आक्सीजन की कमी को पूरा करेगी.

ट्वीट करते हुए सीएम गहलोत ने लिखा, ‘राजस्थान में कोविड की स्थिति पर पीएम नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के साथ चर्चा की और उन्हें कोविड की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया और रोगियों की संख्या के आधार पर ऑक्सीजन की मांग की.’

उन्होंने आगे लिखा, ‘पीएम ने इस मुद्दे को जल्द से जल्द हल करने का आश्वासन दिया. रेल मंत्री पीयूष गोयल (Piyush Goyal) से भी चर्चा की थी. उम्मीद है कि केंद्र द्वारा राज्य के लिए ऑक्सीजन आवंटन जल्द ही बढ़ाया जाएगा.’

गहलोत ने यह भी कहा कि उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) से भी अनुरोध किया है कि वे खाली ऑक्सीजन टैंकर भेजने के लिए भारतीय वायुसेना की सेवाएं लेते रहें.

उन्होंने यह भी मांग की कि राज्य के भौगोलिक विस्तार को देखते हुए डीआरडीओ (DRDO) द्वारा स्थापित किए जाने वाले ऑक्सीजन संयंत्रों की संख्या को बढ़ाकर 15 किया जाए.

(इनपुट-आईएएनएस)