

भोपाल: अरब सागर में उठे ताऊ-ते तूफान का असर मध्य प्रदेश में भी देखने को मिल रहा है. रविवार को इसके कारण प्रदेश के अधिकतर जिलों में तेज हवा के साथ बारिश हुई. तूफान के प्रभाव को देखते हुए मौसम वैज्ञानिकों ने सोमवार को भी राजधानी भोपाल सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की आशंका जताई है.
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अरब सागर में बने चक्रवातीय तूफान से लेकर पश्चिमी मध्य प्रदेश तक टर्फ लाइन बनी हुई है. जिसकी वजह से प्रदेश में नमी बनी हुई है. वहीं, तूफान के कारण सोमवार को तेज हवा चलने से सोमवार को फिर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. प्रदेश में ऐसा मौसम 19 मई तक बना रहेगा. इसके बाद तापमान में बढ़ोतरी होगी.
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 25 मई से शुरू हो रहा नौतपा इस बार सामान्य रह सकता है. इसके शुरुआती कुछ दिन तो नौपता जैसी गर्मी नहीं दिखाएंगे. लेकिन आखिरी के कुछ दिन तीखी गर्मी जरूर पड़ेगी. वहीं, लगातार आ रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण गर्मी पर इस बार काफी प्रभाव पड़ रहा है. हर वर्ष जून के शुरू होते ही बादलों की आवाजाही शुरू हो जाती है. लेकिन तूफान की वजह से इस बार जून जैसा मौसम अभी ही बन गया है.
पिछले 24 घंटे में इन इलाकों में हुई बारिश
प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई. इसमें छिंदवाड़ा 0.5 एमएम, होशंगाबाद 9.9 एमएम, बैतूल 3.6 एमएम, सीधी 3.8 एमएम, जबलपुर 0.1 एमएम, सागर 5.0 एमएम, दमोह 2.0 एमएम, नौगांव 2.8 एममए, रायसेन 2.4 एमएम, गुना 14.4 एमएम, उज्जैन 18.0 एमएम, रतलाम 15.0 एमएम, भोपाल 10.4 एमएम, खंडवा 8.0 एमएम, धार 1.9 एमएम, टीकमगढ़ 3.0 एमएम, भोपाल शहर 7.2 एमएम, उमरिया 2.8 एमएम, मलाजखंड 1.8 एमएम, नरसिंहपुर 3.0 एमएम शामिल हैं. वहीं, इंदौर में हल्की बूंदाबांदी भी हुई थी.
WATCH LIVE TV

