News in Brief

Patna: बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत (Kangana Ranaut) अपने बयानों की वजह से अक्सर चर्चा में रहती हैं. इस बार उन्होंने गंगा में फेंके जा रहे लाशों को लेकर एक वीडियो जारी कर बयान दिया था. 

इसके बाद कंगना के इसी वीडियो को ट्वीट कर राजद सुप्रीमो लालू यादव (Lalu yadav) की बेटी रोहिणी आचार्या ने फिल्म अभिनेत्री पर जमकर हमला बोला है. ट्विटर पर तो रोहिणी (Rohini acharya) ने कंगना रनौत को दिमाग से पैदल तक कह दिया है. लालू यादव की बेटी रोहिणी ने कहा कि अंधभक्ति की कोई सीमा नहीं है.

यही नहीं कंगना के लिए रोहिणी ने आंख की अंधी.. दिमाग के पैदल..जैसे शब्द इस्तेमाल किए हैं. राजद सुप्रीमो की बेटी ने कहा, ‘फकीरा की दलाली में!..क्या राज्यसभा सीट की खातिर..?’ रोहिणी ने कंगना को फर्जी झांसी की रानी बताते हुए कहा कि फकीरा की छवि बचाने के लिए गंगा में तैरती लाशों को नाइजीरिया का बता कर वह मानवता का गला घोट रही है. 

गौरतलब है कि कंगना रनौत ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वे यूपी और बिहार के गंगा मे बह रहे लाशों को नाइजीरिया का बता रही हैं. कंगना के इसी वीडियो पर रोहिणी ने हमला किया था.

ये भी पढ़ें-  जब बिहार के मुख्यमंत्री को एक अधिकारी ने कहा- मैं CM बन सकता हूं पर आप IAS नहीं, बाद में बने भारत के विदेश मंत्री

इन दिनों रोहिणी इंस्टाग्राम पर बेहद सक्रिय दिख रही हैं. इसके पहले केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे पर भी रोहिणी ने कटाक्ष किया था. एंबुलेंस पर तेजस्वी के किए गए एक ट्वीट को कोट करते हुए रोहिणी ने लिखा था कि एक दिन का किराया देकर उद्घाटन के लिए एम्बुलेंस मंगवाकर वापस एंबुलेंस लौटाई जाती है.