
Alwar : राजस्थान के अलवर में कांग्रेस सभापति बीना गुप्ता की दबंगई का वीडियो सामने आया है. अलवर के जेल सर्किल स्थित एक निजी अस्पताल (Harish hospital Alwar) संचालक द्वारा सभापति का फोन नहीं उठाना उन्हें भारी पड़ गया. सभापति ने अस्पताल पहुंच कर जमकर हंगामा किया और रिसेप्शनिस्ट का कॉलर पकड़ कर बाहर खींच लिया. यहां तक कि सभापति ने अस्पताल बंद करवाने की धमकी तक दे डाली. मामले की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस (Alwar Police) भी मौके पर पहुंची.
ये भी पढ़ें-CM गहलोत के मन में पाप था, इसलिए वेंटिलेटर्स को काम में नहीं लिया: अरुण सिंह
सभापति बीना गुप्ता के कोई परिचित महिला अलवर के निजी अस्पताल हरीश हॉस्पिटल में भर्ती है. इसी संदर्भ में सभापति बीना गुप्ता ने अस्पताल संचालक डॉक्टर हरीश गुप्ता को फोन किया, लेकिन डॉक्टर ने सभापति का फोन नहीं उठाया. सभापति ने मरीज के परिजन से कहा रिसेप्शन पर बात कराओ, लेकिन रिसेप्शन पर बैठी युवती ने भी बात करने से मना कर दिया.
इस पर शहर की प्रथम नागरिक सभापति बीना गुप्ता को यह बर्दाश्त नहीं हुआ और कई पार्षदों को लेकर वह अस्पताल पहुंची और जमकर हंगामा किया. यहां तक कि रिसेप्शन पर बैठी युवती का कॉलर पकड़ कर सभापति ने बाहर की तरफ खींचा. मामले की जानकारी पर कोतवाली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और समझाइश का प्रयास किया.
वहीं, अस्पताल संचालक डॉक्टर हरीश गुप्ता का कहना है कि कोरोना महामारी के इस दौर में मरीजों को संभालना पहली प्राथमिकता है और फोन साइलेंट पर होता है. इसके चलते फोन नहीं उठ पाता ,लेकिन अस्पताल कर्मचारियों के साथ सभापति का व्यवहार ठीक नहीं, अगर सभापति चाहती है वो इलाज बंद कर दे तो हम यहां से मरीजों को वापिस भेज देंगे.
ये भी पढ़ें-रघु शर्मा से बेनीवाल ने मांगा इस्तीफा, कहा-मंत्री के रूप में आप विफल साबित हुए
