News in Brief

Jaipur: कोरोना का सुरक्षा कवच वैक्सीन है. वैक्सीन लगवाने के लिए टीकाकरण केंद्रों पर लंबी लंबी कतारें लगी हुई हैं. दूसरी तरफ राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के बाद जयपुर में घर-घर तक रसोई गैस की होम डिलीवरी देने वाले हॉकर्स वैक्सीन के इंतजार में है. अब होम डिलीवरी देने वाले हॉकर्स ने बिना टीकाकरण के 21 मई से घर-घर गैस सिलेंडर की सप्लाई बंद करने का ऐलान कर दिया है.

राज्य सरकार के LPG वितरण( डोर टू डोर ) में लगे कर्मचारियों के टीकाकरण के आदेश के बावजूद जयपुर CMHO द्वारा कर्मिकों के टीका नहीं लगाया जा रहा है, जबकि राज्य में पिछले एक वर्ष से भी ज्यादा समय से वैश्विक कोरोना महामारी के बीच हॉकर्स बिना रुके ग्राहकों के घरों तक गैस सिलिंडर की आपूर्ति कर रहे है.

राज्य सरकार ने भी 18 वर्ष से ऊपर के सभी वयस्कों के टीकाकरण का अभियान चलाया है. साथ ही सचिव, स्वास्थ्य विभाग, खाद्य विभाग और जिला कलेक्टर ने आदेश निकाल कर जयपुर CMHO से LPG वितरण में लगे कर्मिकों के प्राथमिकता से टीकाकरण के लिए निर्देश दिए हैं.

इन आदेशों के बाद राज्य के कई संभागों और जिलों जैसे-अजमेर, नागौर, अलवर, जोधपुर, राजसमंद आदि जगहों पर LPG कर्मिकों का टीकाकरण का कार्यक्रम हो भी चुका है. इन आदेशों के हवाले से एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन ने भी जयपुर CMHO से कई बार आग्रह किया है. लेकिन आज तक जयपुर में 125 LPG वितरकों के करीब 1800 कार्मिक जान जोखिम में डालकर बिना वैक्सीन लगे काम कर रहे है.

वहीं, स्थिति इतनी संवेदनशील हो गयी है कि LPG वितरण कार्य में लगे कर्मचारियों ने बिना टीके लगे ग्राहकों के घरों पर जाने से मना कर दिया है. केवल जयपुर जिले में ही राज्य के 25 प्रतिशत कोविड रोगी हैं और ऐसे में डिलिवरी बॉय का बिना टीका लगवाए घर-घर घूमना संक्रमण को और बढ़ावा दे सकता है, जिससे उनकी और उनके परिवारों और अन्य ग्राहकों की जान को खतरा हो सकता है.