News in Brief

नई दिल्ली. Success Story: संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सर्विसेज परीक्षा देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में एक है. यही कारण है कि इस परीक्षा में देशभर के विभिन्न राज्यों से हर वर्ष लाखों की संख्या में अभ्यर्थी शामिल होते हैं, जिसकी वजह से परीक्षा में कंपटीशन भी बढ़ जाता है और कई-कई बार परीक्षा देने के बाद अभ्यर्थियों को सफलता नहीं मिलती है. लेकिन कई अभ्यर्थी ऐसे होते हैं, जो पहली ही बार में परीक्षा पास कर लेते हैं. उन्हीं में शामिल हैं यूपीएससी की 2017 की परीक्षा में ऑल इंडिया 9वीं रैंक लाने वाली IAS अफसर सौम्या गुप्ता.

सौम्या ने कुछ हफ्तों की पढ़ाई के दम पर ही यूपीएससी की परीक्षा को क्लियर कर अपने सपनों को पूरा कर लिया. खास बात यह रही कि उन्होंने तैयारी के लिए किसी तरह की कोचिंग ज्वॉइन नहीं की. इसके लिए सौम्या ने सिर्फ सेल्फ स्टडी की. शायद यही वजह है कि उनकी सफलता दूसरे अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणा है. 

सौम्या गुप्ता मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली हैं. उनके माता-पिता बताते हैं कि वे बचपन से ही पढ़ाई में होशियार थीं. उनका उद्देश्य शुरू से ही क्लियर था. यही कारण था कि 12वीं के बाद उन्होंने लॉ की डिग्री ली. इस दौरान उन्होंने यूपीएससी में जाने का फैसला लिया. इसके लिए उन्होंने सबसे पहले परीक्षा का नोटिफिकेशन देखा. इसके बाद शेड्यूल बनाया और परीक्षा की तैयारियों में जुट गईं. 

अन्य अभ्यर्थियों को सौम्या की सलाह
सौम्या का मानना है कि यूपीएससी की तैयारी के लिए आप चुनिंदा किताबों के साथ आगे बढ़ें. ज्यादा से ज्यादा समय पढ़ाई पर फोकस करें और सिलेबस कंप्लीट होने के बाद रिवीजन पर ध्यान दें. इसके अलावा आप आंसर राइटिंग की प्रैक्टिस करें. साथ ही ज्यादा से ज्यादा मॉक टेस्ट दें और खुद का एनालिसिस करें. ऐसा करने से आपको अपनी कमियों के बारे में पता चलेगा, जिसे दूर करने के बाद आपको सफलता से कोई नहीं रोक सकता है.

सौम्या का कहना है कि कुछ लोग गाइडेंस के लिए कोचिंग ज्वॉइन कर सकते हैं. यह पूरी तरह आप पर निर्भर करता है. उनका मानना है कि इस परीक्षा में कोचिंग के बाद भी सेल्फ स्टडी करना बेहद जरूरी होता है. बिना सेल्फ स्टडी के परीक्षा पास करना असंभव है.

WATCH LIVE TV