
Jamui: बिहार में कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर लॉकडाउन लगाया गया है. साथ ही लॉकडाउन का पालन कराने के लिए पुलिस प्रशासन सख्ती से काम ले रहा है. पुलिस बिना वजह सड़कों पर घूमने वाले लोगों को बख्शने के मूड में बिल्कुल नहीं है. लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जा रही है. इसी क्रम में बिहार के जमुई में हेलमेट नहीं पहनने को लेकर DIO (जिला सूचना विज्ञान अधिकारी) और पुलिस में हुई बहस के दौरान पुलिसवाले ने DIO पर डंडा चला दिया.
दरअसल, DIO सीएम के एक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के कार्यक्रम में बिना हेलमेट पहने जा रहे थे. जैसे ही वे झाझा बस स्टैंड पहुंचे वहां पहले से तैनात पुलिस के जवानों ने उन्हें हेलमेट नहीं पहनने को लेकर रोका तो वह जवान से उलझ पड़े और हाथापाई पर उतारू हो गए. इसके बाद आत्मरक्षा के लिए जवानों द्वारा DIO पर लाठी चलाई गई. तब उन्होंने अपने NIC का अधिकारी राकेश कुमार होने का परिचय दिया और हंगामा करने लगे.
ये भी पढ़ें- तेजस्वी के पत्र पर मचा सियासी बवाल, NDA ने लगाया आरोप, कहा- संक्रमण घटते ही नाटक शुरू!
मामला जमुई जिले के एसपी कोठी के पास झाझा बस स्टैंड के पास का है. झाझा बस स्टैंड के पास शुक्रदास नगर भवन में सामुदायिक किचेन का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीएम नीतीश कुमार को जायजा लेना था और वीसी के सफल संचालन की सारी जिम्मेदारी जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी (DIO) राकेश कुमार के ऊपर थी.
वहीं, पुलिस का डंडा खाकर जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी राकेश कुमार का पारा सांतवे आसमान पर चढ़ गया और दोनों में काफी नोंक-झोंक भी हुई. इसी बीच घटनास्थल से एसपी की गाड़ी गुजर रही थी. एसपी की गाड़ी को आता देख DIO ने दौड़ लगा दी और गाड़ी रोकने का इशारा किया. SP भी अवाक रह गए. SP ने फिर परिचय पूछने की सलाह अपने पुलिसकर्मियों को दी. इस पर DIO ने कहा कि ‘परिचय दिया था फिर भी डंडा मारा मुझे.’ फिर SP वहां से चले गए.
(इनपुट- मनीष)
