News in Brief

Patna: बिहारशरीफ के वार्ड नंबर आठ में कोरोना संक्रमित के शव का दाह-संस्कार कराने के बदले में पैसे लेने और कूड़ा ढोने वाले ठेले से कोरोना संक्रमित का शव भिजवाने के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है. नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव आनंद किशोर ने संज्ञान लेते हुए अविलंब सभी दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं. जिसमें स्वास्थ्य निरीक्षक को निलबिंत कर दिया गया है और वार्ड जमादार समेत 5 कर्मचारियों पर FIR दर्ज की गई है.

घटना की जानकारी देते हुए नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव ने बताया कि कोरोना महामारी को देखते हुए नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा राज्य के सभी नगर निकायों के नगर आयुक्त/कार्यपालक पदाधिकारियों को विगत माह ही निदेश दिया था कि उनके क्षेत्रान्तर्गत Covid-19 से मृत व्यक्तियों (इसमें Covid-19 टेस्ट में निगेटिव परंतु Covid-19 के लक्षण वाले मरीज भी सम्मिलित होंगे) का अंतिम संस्कार नगर निकाय अपने खर्च पर करेंगे. किसी भी सरकारी व गैर सरकारी व्यक्ति के द्वारा इस कार्य हेतु राशि की मांग की जा रही है तो इस संबंध में अविलंब कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए.

बिहारशरीफ के वार्ड नंबर आठ में कोरोना संक्रमित के शव का दाह-संस्कार कराने के बदले में वार्ड पार्षद द्वारा पैसे लिए जाने और कूड़ा ढोने वाले ठेले से कोरोना संक्रमित का शव भिजवाने का मामला सामने आया. इस मामले में सोमवार को ही एक जांच कमेटी का गठन किया गया था. साथ ही बिहारशरीफ नगर निगम आयुक्त और नालंदा के डीएम से अविलंब रिपोर्ट मांगी गई थी.

ये भी पढ़ें- तेजस्वी के पत्र पर मचा सियासी बवाल, NDA ने लगाया आरोप, कहा- संक्रमण घटते ही नाटक शुरू!

जांच के उपरांत स्थानीय वार्ड पार्षद सुशील कुमार उर्फ मिठु के विरुद्ध ठगी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. इसके साथ ही परमानन्द प्रसाद, स्वास्थ्य निरीक्षक, बिहारशरीफ नगर निगम द्वारा कार्य का निर्वहन सुचारु ढंग से नहीं किए जाने के आलोक में उन्हें तत्काल निलम्बन करते हुए अग्रेतर विभागीय कार्रवाई का आदेश जारी किया गया है.

इसके साथ ही मृतक के शव को नगर निगम के सफाई उपकरण का उपयोग किए जाने के आलोक में वार्ड जमादार संजय कुमार के विरुद्ध Epidemic Disease Act, आपदा प्रबंधन अधिनियम एवं दंड प्रक्रिया संहिता के सुसंगत धाराओं के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. उक्त मामले में दोषी पाए जाने पर 4 सफाई कर्मी, अजय डोम वल्द कृष्ण डोम, शंकर डोम वल्द शंभू डोम, गणेश डोम वल्द शौखी डोम और सोनू डोम वल्द अर्जुन डोम के विरुद्ध Epidemic Disease Act, आपदा प्रबंधन अधिनियम एवं दंड प्रक्रिया संहिता के सुसंगत धाराओं के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.

वहीं, आनंद किशोर ने बताया है कि राज्य सरकार के स्तर से जारी निदेश के आलोक में कोविड-19 से मृत व्यक्ति के अंतिम संस्कार का बिहारशरीफ नगर निगम द्वारा निःशुल्क किए जाने से संबंधित जन-जागरुकता हेतु निदेश दिए गए हैं. स्वास्थ्य विभाग का टॉल फ्री नम्बर एवं नगर निगम का नियंत्रण कक्ष का नम्बर प्रकाशित करते हुए नगर निगम के स्तर से सभी स्थानीय समाचार पत्रों में पम्प्लेट का वितरण कराया जा रहा है. साथ ही चार महत्वपूर्ण चौक-चौराहों में होर्डिंग्स बोर्ड लगाया गया है.

प्रधान सचिव ने लोगों से यह अपील की है कि यदि ऐसे किसी भी मामले में किसी भी सरकारी व्यक्ति के द्वारा इस कार्य हेतु किसी भी प्रकार की राशि की मांग की जाती है तो अविलंब संबंधित जिले के जिला पदाधिकारी अथवा नगर निकाय के नगर आयुक्त/कार्यपालक पदाधिकारी से इसकी शिकायत करें.