
Jehanabad: कोरोना महामारी के इस दौर में एक तरफ लोग दवा, ऑक्सीजन आदि के लिए परेशान हैं. वहीं, दूसरी तरफ कुछ लोग इस महामारी के समय में भी कालाबाजारी करने से बाज नहीं आ रहे हैं.
जहानाबाद सदर अस्पताल के समीप स्थित एक मेडिकल दुकानदार को करोना काल में दवा का कलाबाजारी करना महंगा पड़ गया. मरीजों की शिकायत पर जिलाधिकारी नवीन कुमार (Navin Kumar) ने दल बल के साथ सदर अस्पताल (Sadar Hospital) के समीप पॉपुलर मेडिकल हॉल पर धावा बोल दिया. पड़ताल के लिए जिलाधिकारी के पहुंचते ही दुकानदार अपनी दवा दुकान बंद कर फरार हो गया.
इसके बाद जिलाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर उक्त दवा दुकान को सील कर दिया गया. साथ ही साथ दुकान के समीप से दुकानदार के भाई को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है.
दरअसल, अचानक आज (मंगलवार) जिलाधिकारी नवीन कुमार ने सदर अस्पताल एवं कोविड-19 वार्ड का निरीक्षण करने पहुंच गए. निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल के सभी वार्डों का जायजा लिया और मरीजों का हाल जाना.
ये भी पढ़ें- BJP के ‘पितामह’ लालकृष्ण आडवाणी को गिरफ्तार कर चर्चा में आया था ये IAS, आज है केंद्रीय मंत्री
इस दौरान मरीज के परिजनों ने डीएम के समक्ष बताया कि बाकी सभी दवाई मिल रही परन्तु एक दवा बाहर से लाना पड़ता है जो काफी महंगा है और वह एक खास मेडिकल हॉल में ही उपलब्ध है.
डीएम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मेडिकल हॉल को सील कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया. वहीं, निरीक्षण के दौरान एक डॉक्टर एवं तीन नर्स की कार्य में लापरवाही बरतने का मामला सामने आया.
डीएम के संज्ञान में आते ही कार्य में लापरवाही के आरोप में तीन नर्स एवं एक चिकित्सक से स्पष्टीकरण की मांग की गई. इस बाबत जिलाधिकारी ने बताया कि फिलहाल सदर अस्पताल में कोविड-19 के तमाम दवाएं उपलब्ध है और मरीजों को निरंतर चेकअप करते हुए उन्हें दवा दी जा रही है.
उन्होंने कहा कि मरीजों की शिकायत पर एक दुकान को दवा के कालाबाजारी करने के आरोप में सील कर दिया गया है. छापामारी के दौरान एसडीएम निखिल धनराज भी मौजूद थे.
(इनपुट- मुकेश कुमार )
