News in Brief

Patna: कोरोना (Corona) जांच के लिए लंबी कतार से अब छुटकारा मिलने जा रहा है. अब होम टेस्टिंग किट बाजार में आने जा रही है. ICMR ने टेस्ट किट को मंजूरी दे दी है. यह किट बाजार में 250 रुपये में जल्द ही उपलब्ध हो जाएगी. 

कोरोना की चेन को ब्रेक करने के लिए सरकार की ओर से टेस्टिंग पर जोर दिया जा रही था. लेकिन लोगो की तादाद बढ़ने के कारण टेस्ट के लिए लोगों घंटो लाइन में लगकर इंतजार करना पड़ता था. कोरोना टेस्टिंग किट (Corona Testing Kit) से लोगों की यह परेशानी दूर होने वाली है. कोराना की जांच अब घर पर भी की जा सकेगी. आईसीएमआर (ICMR) ने एक किट को मंजूरी दी है. इस किट के जरिए घर में ही नाक से कोरोना जांच के लिए लोग खुद सैंपल ले सकते हैं.

ये भी पढ़ेंः राहत! बिहार में लॉकडाउन दिखा रहा असर, संक्रमण के मामलों में फिर देखी गई कमी

ICMR की क्या है नई एडवाइजरी
आईसीएमआर ने कोरोना टेस्ट किट को लेकर नई एडवाइजरी भी दी है. इसके मुताबिक अब घर पर ही किट के जरिए 15 मिनट के भीतर कोविड रिजल्ट पाया जा सकता है. इस किट में 5 से 7 मिनट में पॉजिटिव रिजल्ट का पता चल जाएगा और निगेटिव रिजल्ट बताने के यह किट 15 मिनट का समय लेगी. आईसीएमआर के अनुसार होम टेस्टिंग किट सिर्फ सिम्प्टोमेटिक मरीजों के लिए है. वहीं, यह उनके लिए भी है जो लोग कन्फर्म केस के सीधे संपर्क में आए हों.

कैसे काम करेगा किट
किट के इस्तेमाल के लिए लोगों को पहले गूगल प्ले स्टोर और ऐपल स्टोर से मोबाइल ऐप डाउनलोड करना होगा. इस मोबाइल ऐप के जरिए ही पॉजिटिव और निगेटिव रिपोर्ट मिलेगी. जो लोग होम टेस्टिंग करेंगे उन्हें टेस्ट स्ट्रिप फोटो खींचनी होगी. यह फोटो उसी फोन से लेनी होगी जिस पर मोबाइल ऐप डाउनलोड होगा. मोबाइल फोन का डेटा सीधे आईसीएमआर के टेस्टिंग पोर्टल पर स्टोर हो जाएगा. इस टेस्ट की अच्छी बात यह होगी कि मरीज की गोपनीयता बरकरार रहेगी. इस टेस्ट के जरिए जिनकी पॉजिटिव रिपोर्ट आएगी उन्हें पॉजिटिव माना जाएगा. वहीं, किसी दूसरे टेस्ट की जरूरत नहीं पड़ेगी.

ये भी पढ़ेंः बिहार में कोरोना की मार के बाद ब्लैक फंगस का प्रहार, पटना में मिले 20 नए मरीज

टेस्ट रिपोर्ट आने के बाद क्या करना होगा
जो लोग पॉजिटिव होंगे उन्हें होम आइसोलेशन को लेकर आईसीएमआर और स्वास्थ्य मंत्रालय की गाइडलाइन का पालन करना होगा और अगर कोरोना लक्षण वाले मरीजों का रिजल्ट निगेटिव आएगा तो उन्हें आरटीपीसीआर टेस्ट (RT-PCR Test) करवाना होगा. होम आइसोलेशन टेस्टिंग किट के लिए माई लैब डिस्कवरी सल्यूशन लिमिटेड को ऑथराइज किया  गया है. यह पुणे की कंपनी है. इस किट का नाम कोविसेल्फ (Coviself) रखा गया है.