
Jaipur: राजस्थान (Rajasthan) में कांग्रेस सरकार (Congress Government) से असंतुष्ट विधायक अपनी मांगें मनवाने के लिए इस दौरान प्रेशर पॉलिटिक्स का सहारा ले रहे हैं. महामारी के बीच असंतुष्ट विधायकों की ओर से सत्ता और संगठन पर बनाए जा रहे दबाव से कांग्रेस आलाकमान नाराज हैं.
यह भी पढ़ें- Hemaram Choudhary के इस्तीफे के बाद सियासी हलचल तेज़, की जा रही मनाने की कोशिश!
सूत्रों की मानें तो कांग्रेस आलाकमान ने वरिष्ठ विधायक हेमाराम चौधरी (Hemaram Choudhary) के इस्तीफे और पहली बार चुनकर आए विधायक वेद प्रकाश सोलंकी की बयानबाजी को लेकर प्रदेश प्रभारी अजय माकन (Ajay Maken) से रिपोर्ट मांगी है.
यह भी पढ़ें- Congress के गुड़ामालानी विधायक Hemaram Choudhary ने दिया इस्तीफा, जानें बड़ी वजह
राजस्थान में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधायक हेमाराम चौधरी के इस्तीफा प्रकरण के बाद कांग्रेस (Congress) की सियासत में हलचल तेज है. बताया जाता है कि सत्ता और संगठन पर कोरोना काल में असंतुष्ट विधायकों की ओर से बनाए जा रहे राजनीतिक दबाव से आलाकमान बेहद नाराज हैं.
राहुल गांधी तक पहुंचा दबाव की राजनीति का मामला
दबाव की राजनीति का मामला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) तक भी पहुंच गया है. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी प्रेशर पॉलिटिक्स से खासे नाराज हैं और उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल को बुलाकर अपनी नाराजगी भी जाहिर की है. साथ ही उन्होंने इस मामले में प्रदेश प्रभारी अजय माकन को भी हस्तक्षेप करने को कहा है, जिसके बाद वेणुगोपाल ने प्रदेश प्रभारी अजय माकन से इस पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है.
यह है आलाकमान की नाराजगी की बड़ी वजह
आलाकमान की नाराजगी की सबसे बड़ी वजह है कि अपनी बात रखने और मांगें मनवाने के लिए यह समय उचित नहीं है, वह भी ऐसे समय में जब सरकार दिन रात महामारी से लड़ रही है और लोगों की जान बचाने में जुटी हुई है. ऐसे समय में इस तरह के कदम उठाना पार्टी नियमों के खिलाफ है. कहा जा रहा है कि कांग्रेस आलाकमान की नाराजगी इस बात को लेकर भी है कि असंतुष्ट विधायकों को सार्वजनिक मंचों और मीडिया में बयानबाजी करने की बजाए अपनी बात पार्टी के आला नेताओं के समक्ष रखनी चाहिए.
क्या कहना है गोविंद सिंह डोटासरा का
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने हेमाराम चौधरी को लेकर कहा कि उनसे लगातार बात की जा रही है वह हमारे वरिष्ठ नेता हैं उन्होंने पार्टी को बहुत कुछ दिया है तो पार्टी ने भी उनको बहुत कुछ दिया है. जिला कलेक्टर के फोन नहीं उठाने के मामले की पड़ताल की गई है तो कलेक्टर ने उस दिन तूफान का हवाला देते हुए कहा है कि वह व्यस्त थे. इस वजह से फोन नहीं उठा पाए हैं. लेकिन यह पारिवारिक मामला है इसे सुलझा लिया जाएगा.
आलाकमान के निर्देश के बाद प्रदेश प्रभारी अजय माकन इस पूरे मामले में पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा से रिपोर्ट लेंगे और उसके बाद अपने रिपोर्ट कांग्रेस आलाकमान को सौंपेंगे. सरकार में अपने काम का नहीं होने से नाराज होकर असंतुष्ट रुख अख्तियार कर चुके विधायकों को दिल्ली तलब किया जा सकता है, जहां उनसे उनकी बात सुनने के साथ ही उन्हें बयानबाजी नहीं करने की नसीहत भी दी जा सकती है.
पार्टी में पहले भी छा चुके हैं सियासी संकट के बादल
प्रदेश में बीते साल आए सियासी संकट के दौरान पार्टी के बगावत कर मानेसर में कैंप करने वाले सचिन पायलट कैंप (Sachin Pilot) के नेताओं की मांगों पर विचार करने के लिए कांग्रेस आलाकमान ने तीन सदस्यीय कमेटी बनाई थी, कमेटी बनने के बाद पायलट कैंप में उम्मीद जगी थी कि उनकी मांगों का जल्द निस्तारण होगा, लेकिन कमेटी के एक सदस्य अहमद पटेल के देहांत के बाद से ही कमेटी का कामकाज आगे नहीं बढ़ पाया.
सत्ता और संगठन पर दबाव के तहत अपनी मांगें मनवाने में लगा
वहीं, मंत्रिमंडल विस्तार-फेरबदल और राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर कई बार पार्टी का एक धड़ा मांग उठा चुका है. पार्टी के एक धड़े का कहना है कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनाने में मेहनत करने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं को राजनीतिक नियुक्तियां देने के साथ मंत्रिमंडल फेरबदल और विस्तार भी होना चाहिए जिससे कि और लोगों को मंत्रिमंडल में जगह मिल सके. मंत्रिमंडल में अभी 9 स्थान खाली है जिसके चलते पार्टी का एक धड़ा लगातार सत्ता और संगठन पर दबाव के तहत अपनी मांगें मनवाने में लगा है.
ताजा-तरीन मामले में हेमाराम चौधरी के इस्तीफे को लेकर सियासत गरमा गई है. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा है कि हेमाराम चौधरी पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं, वरिष्ठ विधायक हैं. अगर वे इस्तीफा देते हैं तो स्थिति वाकई चिंताजनक है.
