News in Brief

Patna: देश में कृषि के तीन नए कानूनों के खिलाफ चल रहे आंदोलन के 6 महीनें पूरें होने पर संयुक्त किसान मोर्चा के देशव्यापी विरोध दिवस का 12 विपक्षी दलों ने भी समर्थन किया है. इसके अलावा संयुक्त किसान मोर्चा ने साफ किया है कि ये आंदोलन आने वाले समय में चलता रहेगा. जिस पर सुशील मोदी (Sushil Modi) ने निशाना साधा है. 

विपक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह अजीब बात है कि कांग्रेस,राजद,टीएमसी और सपा जैसे जो दल केवल पश्चिम बंगाल सहित पांच राज्यों के विधान सभा चुनाव और हरिद्वार कुम्भ को कोरोना संक्रमण बढने के लिए जिम्मेदार बता कर सरकार को कोस रहे थे,वे सभी एकजुट होकर 26 मई को कुछ आंदोलनकारी किसानों के विरोध दिवस का समर्थन कर रहे हैं. 

उन्होंने आगे ट्वीट किया कि क्या कांग्रेस और राजद विरोध दिवस को आंशिक लॉकडाउन और कोरोना प्रोटोकॉल के नियमों को सामूहिक रूप से तोड़ने का बहाना बनाना चाहते हैं?

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की हालत यह है कि उसके शासन वाले पंजाब में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह (Captain Amarinder Singh) किसान आंदोलन का विरोध कर रहे हैं, जबकि सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) आंदोलन और विरोध दिवस का  समर्थन कर रही हैं. 

मोदी सरकार की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले साल के 341.92 लाख मीट्रिक टन के मुकाबले इस साल 388.94 लाख मीट्रिक टन गेहूँ की खरीद होने से ज्यादा किसानों की आय बढ़ी. वास्तविक अन्नदाता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को किसान हितैषी मानता है, इसीलिए बिहार सहित लगभग पूरे देश में कथित किसानों के बंद फ्लॉप होते रहे. 

उन्होंने आगे ट्वीट किया कि केंद्र सरकार ने इस साल पंजाब-हरियाणा के किसानों से 42 हजार करोड़ के गेहूं की खरीद की. इसमें से पंजाब के किसानों के खाते में 25,728 करोड़ और हरियाणा के किसानों के खाते में 16335 करोड़ रुपये डाले गए.