News in Brief

अनूपपुर:अनूपपुर जिले में कोविड के मरीजों के लिए इंजताम चाक-चौबंद करने के सख्त निर्देश मिल चुके हैं. कलेक्टर सोनिया मीना ने अब कोविड सेंटरों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए हैं. कोरोना संक्रमितों का इलाज अच्छे से हो रहा है या नहीं इसकी मॉनिटरिंग के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा गया है.

गौरतलब है कि यहां पहले ही जिला चिकित्सालय एवं कन्या शिक्षा परिसर में बने कोविड केयर सेंटर में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं. लेकिन अब जिले के सभी कोविड केयर सेंटरों में सीसीटीवी कैमरा लगाया जाएगा.जिससे कोविड केयर सेंटरों का एक ही स्थान से मुआयना किया जा सके.

ये भी पढ़ें-खुशखबरी: ट्रांसजेंडरों के लिए केंद्र सरकार देगी 1500 रुपए का गुजारा भत्ता, जानें कैसे करें आवेदन

दरअसल खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने कोरोना संक्रमण को कम करने के लिए जनप्रतिनिधियों एवं क्राइसेस मैनेजमेंट कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक की. कलेक्टर सोनिया मीना, पुलिस अधीक्षक मांगीलाल सोंलकी, जिला सहकारी बैंक के पूर्व संचालक बृजेश गौतम, विंध्य विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष राम दास पुरी एवं अनिल गुप्ता, पूर्व विधायक कोतमा मनोज अग्रवाल, नगरपालिका अध्यक्ष पसान, नगरपालिका अध्यक्ष कोतमा, जनपद अध्यक्ष कोतमा, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष पसान राम अवध सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे.

घर-घर जाकर कोरोना का पता लगाएं: मंत्री बिसाहूलाल सिंह 
मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों को अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर यह देखना होगा कि वहां कोई कोरोना संक्रमित व्यक्ति तो नहीं हैं. जहां भी कोरोना संक्रमित व्यक्तियों का पता चले, तो उन्हें फौरन कोविड केयर सेंटर में पहुंचाना होगा. यदि इसमें जनप्रतिनिधि सहयोग देते हैं, तो जिले में शीघ्र कोरोना संक्रमण पर काबू पा लिया जाएगा.

मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने कहा कि जिस गांव में एक भी कोरोना संक्रमित मरीज नहीं है, वहां कोरोना मुक्त गांव का बोर्ड टंगवाया जाए.

जरूरतमंदों को मिलेगा राशन
सिंह ने आगे कहा कि गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले लोगों समेत कुल 24 श्रेणियों में चिन्हित व्यक्तियों को पांच माह के लिए 25 किलो के मान से निःशुल्क राशन दिया जाएगा.उन्होंने अपने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे गांव-गांव जाकर ये सुनिश्चित करें कि पात्र व्यक्तियों को यह राशन मिले.

इन सबके बाद कलेक्टर सोनिया मीना ने बताया कि जिले में पॉजिटिविटी रेट में लगातार गिरावट आ रही है. लेकिन इसके बावजूद हमें कोरोना के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है. इसमें जरा सी लापरवाही पर कोरोना फिर लौट सकती है. साथ ही उन्होंने मंत्री बिसाहुलाल की बात पर कहा, ”आपने कहा कि होम आइसोलेट मरीजों को कोविड केयर सेंटर में ले जाए. जिले में किल कोरोना अभियान-4 शुरू हो चुका है. इसलिए मेडिकल किटों का वितरण जारी रहेगा. इस अभियान में सभी जनप्रतिनिधियों एवं कमेटी सदस्यों का सहयोग आवश्यक है.”

Watch LIVE TV-