News in Brief

Bagaha: दिल अगर बड़ा हो तो कोई भी किसी की मदद कर सकता है. बगहा के रहने वाले अकबर अली ने इस बात को सच कर दिखाया है. अकबर खुद गरीब होते हुए भी दूसरे गरीब लोगों की मदद कर रहे हैं. जिसके चलते वे अपनी जिंदगी भर की जमा पूंजी से गरीब लोगों को मुफ्त में सैनिटाइजर और मास्क बांट रहे हैं.

कोरोना महामारी से बचने के लिए मास्क और सैनिटाइजर कितना जरूरी है ये सभी जानते हैं. गरीब आदमी खुद को कोरोना संक्रमण से बचा सके इसलिए अकबर अली ने ऐसे लोगों को मुफ्त में मास्क और सैनिटाइजर बांटने का फैसला किया.

बता दें कि कि अकबर अली खुद गरीब हैं. ठेले पर घूम घूमकर फल और सब्जी बेचा करते हैं, तब जाकर कुछ पैसे जमा होते हैं. कोरोना महामारी के मद्देनजर जहां लोग मुसीबत की घड़ी में पाई पाई-पैसा जोड़ रहे हैं वहीं, अकबर अली ने पाई-पाई से जोड़ी गई जिंदगी भर की कमाई को गरीबों की भलाई के लिए लगा दिया. अब तक जमा किए गए पैसों से उन्होंने सैनिटाइजर और मास्क खरीदे और गरीब लोगों के बीच इसे मुफ्त में बांट रहे हैं.

ये भी पढ़ें- बिहार सरकार ने HC में दिया खाली बेड्स का ब्यौरा, कहा-पटना के अधिकतर सेंटरों में आधे से ज्यादा बेड रिक्त

अकबर अली का कहना है कि गरीब लोगों के लिए मास्क और सैनिटाइजर का इंतजाम करना मुश्किल होता है, इसलिए उन्होंने ऐसे लोगों की मदद करने की ठानी है. जिंदगी भर की जमापूंजी गरीब लोगों पर लगा देने पर खुद का गुजारा कैसे होगा? इस गंभीर सवाल का भी वो बड़ी सादगी से और दार्शनिक जवाब देते हैं. अकबर अली कहते हैं कि अभी पैसों से ज्यादा जिंदगी की कीमत है. जिंदगी अगर बाकी रही तो इंसान पैसा आगे भी कमा लेगा. वो भी हालात ठीक होने पर दोबारा पैसा कमा लेंगे लेकिन अभी लोगों की जिंदगी बचाना जरूरी है. इतना ही नहीं बल्कि, अपने ठेले पर उन्होंने जगह जगह कागज पर ये संदेश लिख कर चिपका रखा है कि गरीब लोगों को यहां मुफ्त में मास्क दिया जाता है. 

अकबर अली के मुताबिक, उन्हें सीएम नीतीश कुमार से गरीब लोगों की मदद की प्रेरणा मिली. उनका कहना है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद गरीब हैं और गरीब लोगों की मदद के लिए हमेशा आगे रहते हैं. उन्हीं से सीख लेते हुए उन्होंने भी गरीब लोगों की मदद करने की ठानी. 

अकबर अली अपनी दरियादिली की वजह से इन दिनों बगहा में चर्चा का विषय बने हुए हैं. लोग खुले दिल से उनकी समाजसेवा की सराहना कर रहे हैं और बाकी लोगों को भी उनसे सीख लेने की सलाह दे रहे हैं.

(इनपुट- अभिजीत)