News in Brief

Patna: बिहार में लॉकडाउन की वजह से लीची आमलोगों की पहुंच से काफी दूर हैं. खराब होने की समस्या के कारण लीचियां मार्केट में पहुंच नहीं रहीं जो आ रहीं हैं वो सड रही हैं. वहीं, बिहार सरकार के कृषि मंत्री ने कहा है कि ‘संकट के समय जान बचाने की चुनौती सबके सामने है. ऐसे में नुकसान तो सबको उठाना ही पड़ेगा.’

ये भी पढ़ेंः Muzaffarpur के कारोबारियों के चेहरे पर लौटी मुस्कान, बाजारों में शाही लीची की मिठास का मिलेगा स्वाद

बिहार की लीची राष्ट्रीय स्तर पर फेमस है. हर साल बिहार की लीची का लुत्फ राष्ट्रपति से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक लेते हैं. लेकिन इस बार बिहार के लोग अपने ही घर की लीची का लुत्फ नहीं ले पा रहे. लॉकडाउन के कारण लीचियां आमलोगों तक नहीं पहुंच पा रही हैं. लीची के मौसम में पटना के बाजार में काफी रौनक देखने को मिलती है. लेकिन बीते दो सालों से लीची के मौसम में मंदी देखने को मिल रही है.

आम दिनों में बाजारों में  हर दिन 200 टन लीची का कारोबार होता था. लेकिन इस सीजन में केवल 15 से 20 टन लीची ही थोक बाजार में बिक्री के लिए पहुंच रही हैं और जो लीची बिक्री के लिए पहुंच रही हैं. वह ग्राहकों के इंतजार में सड रही हैं. कुल मिलाकर यहां थोक बाजार में लीची का व्यवसाय एक दिन में एक डेढ़ करोड़ का होता था. वहीं, अब 15 लाख के आसपास हो रहा है.

थोक बाजार में लीची अभी भी ढ़ाई सौ से 300 रुपए पसेरी बिक रही है. थोक व्यवसायी अपनी पूंजी की बरबारी से बेहद निराश हैं. लॉकडाउन की वजह से लोग घरों से निकल नहीं पा रहे हैं. वहीं,  बाजार सुबह 10 बजे तक ही खुलने के कारण लीची की बिक्री नहीं हो पा रही है. 

ये भी पढ़ेंः रेलवे ने लौटाई कारोबारियों के चेहरे पर खुशी, ट्रेनों से भेजी जा रही शाही लीची

इसी संबंध में व्यवसायी चाहते हैं कि सरकार उन्हें शाम में दो घंटे बाजार उपलब्ध कराए. लेकिन हालात के आगे सरकार भी लाचार नजर आ रही हैं. कृषि मंत्री कहते हैं कि ‘अभी सबके सामने जान बचाने का संकट हैं. ऐसे में नुकसान तो सबको उठाना पड़ रहा है.’ लेकिन इस संकट के बीच सरकार ने बिहार की लीची को विदेश तक पहुंचाने में सफलता भी हासिल की है. 

यह अच्छी बात है कि बिहार की लीची का स्वाद दुबई के लोग भी लेंगे. लेकिन बड़ा सवाल यह है कि बिहार की लीची का स्वाद बिहार को लोग कब ले पाएंगे क्योंकि लीची का सीजन काफी छोटा होता है. वहीं, अब बिहार के लोगों के पास लीची का स्वाद लेने के लिए महज एक महीने का ही वक्त बचा है.