News in Brief

Bettiah: एसबीआई एटीएम (SBI ATM) के साथ छेड़छाड़ का खुलासा हुआ है. साइबर क्राइम गिरोह के सक्रिय सदस्यों के एटीएम मशीन खोलकर छेड़छाड़ करने का सीसीटीवी फुटेज से खुलासा होने के बाद पुलिस के होश उड़ गए हैं. जानकारी के मुताबिक, साइबर क्राइम गिरोह के पांच लोगों की तस्वीर कैमरे में कैद हुई है.

दरअसल बेतिया के नरकटियागंज में शिकारपूर पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है. यहां कुछ साइबर अपराधियों द्वारा शहर के कृषि बाजार चौक रोड पर स्थित एटीएम मशीन से छेड़छाड़ की घटना सामने आई है. नगर के कृषि बाजार रोड में स्तिथ एसबीआई एटीएम में अज्ञात साइबर अपराधियों द्वारा एटीएम मशीन खोलकर छेड़छाड़ की गई.  

ये भी पढ़ेंः Bettiah: Lockdown में कपड़े बेचना पड़ा महंगा! दुकान सील, दो गिरफ्तार

इस सम्बंध में इलेक्ट्रिक पेमेंट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड में फील्ड स्टाफ के पद पर कार्यरत मछरगांवा गांवा थाना योगापट्टी निवासी राजकुमार जायसवाल ने शिकारपूर थाना में एफआईआर दर्ज कराई है. एफआईआर में उन्होंने बताया है कि ‘कृषि बाजार रोड स्तिथ एसबीआई एटीएम में कुछ अज्ञात साइबर अपराधियों ने मशीन खोलकर एटीएम का कार्ड रीडर हटाकर अपना कार्ड रीडर लगाना चाहा. लेकिन अज्ञात अपराधियों का कार्ड रीडर नहीं लग सका.’  

इसकी सूचना मिलने पर एटीएम के पास जाकर देखा तो एटीएम मशीन से छेड़छाड़ की गई थी और छेड़छाड़ किए गए एटीएम आई डी नंबर GFBU002983014 है.  गौरतलब, इसके पूर्व भी इसी एटीएम को उखाड़ने का मामला प्रकाश में आया था. लेकिन उस समय पुलिस के गस्ती गाड़ी के कारण बड़ी घटना होते होते बची थी. इसके बाद अपराधी भाग गए थे और आज भी इस साइबर क्राइम की कड़ी में बैखौफ बदमाशों ने एटीएम मशीन को छेड़छाड़ कर कार्ड रीडर पासवर्ड बदलने की कोशिश की जो नाकाम रही है. 

ये भी पढ़ेंः Bettiah: पुलिस ने तस्करों पर कसा शिकंजा, 400 ग्राम गांजा के साथ 1 शातिर गिरफ्तार

इधर, एसबीआई नरकटियागंज के एटीएम इंचार्ज सुधांशु शेखर ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि ‘घटना के बारे में अभी कुछ भी कहना जल्दीबाजी होगी. लेकिन सीसीटीवी फुटेज सब कुछ साफ-साफ बयां कर रहे हैं. इसमें दिख रहा है कि 5 साइबर अपराधी कैसे एटीएम मशीन को खोलकर कार्ड रीडर और पासवर्ड बदलने की दुस्साहस करते दिख रहे हैं. इसको लेकर मिली शिकायत पर एसडीपीओ कुंदन कुमार ने शिकारपुर थाना प्रभारी संदीप गोल्डी को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है. अब पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी छानबीन कर रही है.’

(इनपुट-इमरान अज़ीज)