
Lakhisarai: लखीसराय जिले के बड़हिया में चोरों का तांडव जारी है. इसी के चलते बुधवार की देर रात चोरों ने बड़हिया बाजार स्थित पुराने स्टेट बैंक वाली गली में शिक्षक वीरेंद्र कुमार के घर में घुसकर लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया.
इस दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़कर 2 लाख से ज्यादा के कैश और जेवरात उड़ा लिए. घटना के वक्त पीड़ित शिक्षक एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे. वहीं, सीरियल चोरी की वारदात से बड़हिया में दहशत का माहौल है. बड़हिया में पिछले 50 दिन में चोरी की 17 वारदात से लोगों में हड़कंप मचा है. दिल्ली के एक वरिष्ठ पत्रकार के घर समेत इन वारदातों में चोर अब तक 2 करोड़ से ज्यादा के कैश, जेवरात और सामान पर हाथ साफ कर चुके हैं. लेकिन स्थानीय पुलिस हाथ पर हाथ धरे तमाशा देख रही है.
दिलचस्प बात तो ये है कि बिहार विधानसभा के स्पीकर विजय सिन्हा के चुनाव क्षेत्र में सीरियल चोरी का ये मुद्दा बिहार विधानसभा में भी उठ चुका है. इस मामले को लेकर स्थानीय सांसद और जेडीयू के कद्दावर नेता लल्लन सिंह भी बड़हिया का दौरा कर चुके हैं.
ये भी पढ़ें- IPS का सिविल ड्रेस में बाहर जाना पड़ा महंगा, लॉकडाउन का पालन कराने के लिए निकालनी पड़ी रिवाल्वर
इस दौरान जब लोगों ने उनसे स्थानीय पुलिस की लापरवाही की शिकायत की तो उन्होंने बड़हिया के थानेदार डी के पांडेय को कड़ी फटकार भी लगाई और पुलिस कप्तान से इस मामले में एक्शन लेने को कहा था. लेकिन हैरत की बात यह है कि इलाके में चोरी की वारदात बदस्तूर जारी है और पुलिस किसी भी मामले में कोई भी कार्रवाई नहीं कर सकी है. पुलिस के इस ढीले रवैए से स्थानीय लोगों में पुलिस, प्रशासन और जनप्रतिनिधि के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है.
बता दें कि इससे पहले 11 मई की रात चोरों ने एनएच-80 स्थित दिल्ली के वरिष्ठ पत्रकार कल्याणजी के पैतृक घर में दोबारा चोरी का प्रयास किया था. 6 मार्च को चोरों ने पत्रकार के इसी घर से 60 लाख से ज्यादा की भीषण चोरी की थी. इस मामले में भी थानेदार डी के पांडेय पर लापरवाही के आरोप लगे थे, क्योंकि जब पत्रकार ने घर में चोर घुसने की खबर देने के लिए उनको फोन किया तो उन्होंने फोन उठाने की जहमत भी नहीं उठाई.
पत्रकार के घर समेत सीरियल चोरी की जांच के लिए एसपी सुशील कुमार ने एसडीपीओ रंजन कुमार की अगुआई में एसआईटी बनाई थी. लेकिन इसका कोई नतीजा नहीं निकला.
खास बात तो ये है कि सिलसिलेवार चोरी की ये वारदात तब हो रही है जब पुलिस पूरे इलाके में सघन पेट्रोलिंग का दावा कर रही है. पुलिस के सभी दावों को झुठलाते हुए चोर मेन बाजार और एनएच-80 पर तांडव मचा रहे हैं.
(इनपुट- राज किशोर)
