News in Brief

Jaipur: कोविड 19 के बीच राजस्थान नया निवेश आकर्षित करने में सफल रहा है. फ्रेंच कम्पनी सेंट गोबेन राजस्थान में 1100 करोड़ रुपए का नया निवेश करेगी. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस पर मुहर लगी. 

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से राजस्थान निवेश के लिए सर्वाधिक अनुकूल राज्य के रूप में उभर रहा है. सरकार के नीतिगत फैसलों के साथ-साथ कानून व्यवस्था की बेहतर स्थिति अच्छी सड़कें, ऊर्जा में आत्मनिर्भरता पर्याप्त मात्रा में कच्चे माल की उपलब्धता सुदृढ़ आधारभूत ढांचे के कारण दुनिया की नामी कंपनियां राजस्थान में निवेश के लिए रूचि दिखा रही हैं. राज्य सरकार भी यहां आने वाले उद्योगों को भरपूर प्रोत्साहन देगी. 

ये भी पढ़ें-कोविड प्रोटोकॉल के साथ MNREGA के तहत रोजगार देकर दी जाए राहत: गहलोत

दरअसल, सीएम गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से विश्व की प्रमुख ग्लास निर्माता कंपनी सेंट गोबेन के प्रदेश में निवेश के विस्तार के प्रस्ताव के संबंध में बैठक को संबोधित कर रहे थे. मुख्यमंत्री ने कहा कि सेंट गोबेन जैसी प्रतिष्ठित कंपनी द्वारा राजस्थान में भिवाड़ी स्थित प्लांट में अभी तक करीब 1200 करोड़ रुपए के सफल निवेश के बाद निवेश में विस्तार का प्रस्ताव देना यह सिद्ध करता है कि राजस्थान के प्रति अंतर्राष्ट्रीय कंपनियों में भरोसा कायम हुआ है.

उन्होंने कहा कि उद्योगों के लिए एमएसएमई एक्ट, रिप्स-2019 नई उद्योग नीति, वन स्टॉप शॉप सिस्टम जैसे नीतिगत फैसले लिए गए हैं. मुख्यमंत्री ने निवेश में विस्तार के सेंट गोबेन के निर्णय का स्वागत करते हुए उन्हें विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार की ओर से उन्हें पूरा सहयोग मिलेगा. उन्होंने कहा कि सेंट गोबेन के निवेश विस्तार से कोविड-19 की विषम परिस्थितियों में भी औद्योगिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी.

उद्योग मंत्री परसादी लाल मीणा ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना को सुगम बनाने के लिए नियमों एवं प्रक्रियाओं का सरलीकरण किया है. बड़े उद्योगों की स्थापना के प्रस्तावों को त्वरित मंजूरी देने के लिए बोर्ड ऑफ इंवेस्टमेंट का गठन किया गया है. बोर्ड की पहली ही बैठक में 78 हजार करोड़ रूपए के निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है.

ये भी पढ़ें-पेयजल परियोजनाओं के निर्माण में PHED और WRD के स्तर पर संयुक्त विमर्श जरूरी-BD Kalla

मुख्य सचिव निरंजन आर्य ने कहा कि कोरोना के इस समय में सेंट गोबेन सहित प्रदेश के अन्य उद्योगों से कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के रूप में राज्य सरकार को अच्छा सहयोग मिल रहा है. वहीं, रीको के अध्यक्ष कुलदीप रांका ने कहा कि सेंट गोबेन ग्लास निर्माण के क्षेत्र में विश्व की प्रमुख कंपनी है. एक दशक के समय में ही निवेश के विस्तार के लिए इतनी बड़ी कंपनी का आगे आना प्रदेश के लिए सुखद है.

सेंट गोबेन इंडिया के सीईओ बी संथानम ने कहा कि राजस्थान में बीते करीब 11 सालों का उनका अनुभव शानदार रहा है. इसी का परिणाम है कि कंपनी ने इतने कम समय में ही भिवाड़ी को करीब 1100 करोड़ रुपए के निवेश विस्तार के लिए चुना है.