
Dumka: झारखंड में दुमका जिले के जामा थाना क्षेत्र अन्तर्गत जरपुरा ग्राम में पुलिस ने एक ट्रक पर लदी लगभग अस्सी लाख रुपए मूल्य की अरुणाचल प्रदेश में निर्मित शराब एंव स्पिरिट जब्त की है तथा इस सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है.
गुरुवार को यह जानकारी देते हुए उत्पाद एवं मद्यपान निषेध विभाग, दुमका के अधीक्षक आशुतोष कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर जामा थाना पुलिस के सहयोग से कल देर शाम शराब जब्ती की उक्त कार्रवाई की गई.
उन्होंने बताया कि ड्रमों में कुल 6 हजार 80 लीटर स्पिरिट है तथा अवैध शराब की बोतलें पेटियों में बंद हैं.
ये भी पढ़ें- झारखंड में नहीं थम रहा Cyber Crime! देवघर से 10 साइबर अपराधी गिरफ्तार, 13 मोबाइल फोन बरामद
अध्यक्ष ने बताया कि जब्त ट्रक के कोई भी कागजात उपलब्ध नहीं है एवं उसकी नम्बर प्लेट भी फर्जी है, जबकि जब्त शराब और स्पिरिट अरुणाचल प्रदेश से बाहर बेचना प्रतिबंधित है.
आशुतोष कुमार ने बताया कि ट्रक को अमर मंडल नामक व्यक्ति के परिसर से जब्त किया गया.
उन्होंने बताया, मंडल की अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है, परन्तु पूछताछ में उसने अवैध शराब के कारोबार में लिप्त बिहार राज्य स्थित शेखपुरा निवासी मुस्तफा खान का नाम लिया है जिसे फोन कर बुलाया गया एवं गिरफ्तार किया गया तथा मामले में आगे जांच जारी है.
(इनपुट- भाषा)
