
अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में जहरीली शराब पीने से 12 लोगों की मौत मामले में आबकारी विभाग ने सीएम योगी के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई की है. अपर मुख्य सचिव आबकारी संजय आर भूसरेड्डी ने 3 अधिकारियों को निलंबित कर दिया है. इसमें जिला आबकारी अधिकारी धीरज शर्मा, आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 राजेश कुमार यादव और प्रधान आबकारी सिपाही क्षेत्र-3 अशोक कुमार का नाम शामिल है. इसके अलावा अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच की जा रही है.
एक अभियुक्त गिरफ्तार
एडीजी आगरा राजीव कृष्ण ने जिला अस्पताल पहुंचकर तीमारदारों का हाल जाना. उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि 17 मरीजों का इलाज चल रहा है और 12 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है. एडीजी ने बताया कि 3 मुख्य अभियुक्त हैं, जिनमें से अनिल चौधरी की गिरफ्तारी हो गई है. जबकि दो मुख्य अभियुक्तों ऋषि शर्मा और विपिन यादव पर 50-50 हज़ार का इनाम घोषित किया गया है. आरोपियों को पकड़ने के लिए 6 टीमों का गठन किया गया है, जो लगातार दबिश दे रही हैं.
क्या है पूरा मामला?
मामला अलीगढ़ जिले के लोधा क्षेत्र के गैस प्लांट, करसुआ ,निमाना, हैबतपुर अंडला गांव का है. बताया जा रहा है कि जहरीली शराब पीने से 12 लोगों की मौत हो गई. कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है. बताया जा रहा है कि मरने वाले लोगों ने गांव के ठेके से ही शराब खरीद कर पी. आबकारी विभाग की टीम ने देशी शराब के ठेके को सील कर दिया है.
जांच में जुटी है पुलिस
मामले की जानकारी होते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी. पुलिस ने जांच के लिए शराब के सैंपल ले लिए हैं. लोगों की मौत शराब की ओवरडोज या जहरीली शराब से हुई, इस बात की जांच प्रशासन द्वारा की जा रही है. अलीगढ़ के डीएम चंद्र भूषण सिंह ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है. जांच में जो भी निकल कर आएगा, उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी.
सीएम योगी ने एनएसए लगाने के दिए आदेश
इस मामले पर सीएम योगी ने निर्देश देते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. अगर शराब सरकारी ठेके से गई है, तो ठेका सीज किया जाए. दोषियों पर एनएसए लगाया जाए. दोषियों की संपत्ति जब्त कर नीलामी की जाएगी, जिससे मृतकों के परिजनों को मुआवजा दिया जाएगा.
WATCH LIVE TV
