
Jaipur: केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में तीन ऐसी बड़ी घटनाएं हुई हैं जिनसे प्रदेश शर्मसार हुआ है. मेघवाल ने कहा कि सांसद रंजीता कोली कोविड काल में अस्पताल के काम के लिए जा रही थी लेकिन इस दौरान बदमाशों द्वारा सांसद पर जानलेवा हमला किया गया और इसके बाद से ही सांसद सदमें में हैं.
सरकार का इकबाल खत्म हो चुका है!
मंत्री ने घटना को शर्मनाक बताते हुए निंदा की और सरकार से पूछा कि जब जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं हैं तो फिर प्रदेश में कौन सुरक्षित है? मेघवाल ने कहा कि प्रदेश में सरकार का इकबाल खत्म होता नजर आ रहा है. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद है कि वो सांसद को ही मारपीट देंगे तो कुछ नहीं होगा.
ये भी पढ़ें-रंजीता कोली पर हमले से जुड़ा मामला, राज्यवर्धन राठौड़ ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए
सरकार की झलक रही बदनीयती
मेघवाल ने कहा कि हमला करने के पीछे कौन-कौन थे? उसके बाद सरकार ने क्या किया? इसे लेकर सरकार ने अभी तक अपना कोई स्टेटमेंट नहीं दिया है. मेघवाल ने कहा कि इस चुप्पी के पीछे सरकार की बदनीयति झलकती है. उन्होंने कहा कि सबसे पहले रंजीता कोली ने ही भरतपुर में पीएम केयर फंड से आये वेंटिलेटर किराए पर दिए जाने का मामला उठाया था. 8-10 महीनों तक तो ये वेंटिलेटर डिब्बों में से ही नहीं निकाले गए थे.
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) कहते हैं कि पीएम केयर्स फंड से आया सामान ठीक नहीं है और उसी भाषा को राजस्थान के कांग्रेस नेता बोलने लग गए. जबकि केरल, महाराष्ट्र, गुजरात और दूसरे राज्यों में भेजे गए वेंटीलेटर ठीक तरह से काम कर रहे हैं.
इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल ने राजधानी जयपुर में एंबुलेंस में खानाबदोश महिला से गैंगरेप के मामले को भी प्रदेश के लॉ एंड ऑर्डर पर धब्बा बताया है. मेघवाल के साथ ही दौसा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री जसकौर मीणा ने भी सरकार राजस्थान सरकार के रवैए पर सवाल उठाया है.
कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर सरकार फेल
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का ढ़ाई साल का कार्यकाल अपराधों में बढ़ोत्तरी, महिलाओं और दलितों पर अत्याचार बढ़ाने के नाम ही रहा है. जसकौर मीणा ने रंजीता कोली पर हुए हमले का जिक्र करते हुए कहा कि घटना के बाद से ही भरतपुर सांसद गहरे सदमें में है.
ये भी पढ़ें-BJP MP रंजीता कोली पर हमले को लेकर Ramlal Sharma ने कांग्रेस सरकार पर बोला हमला
सांसद की जा सकती थी जान
मीणा ने कहा कि जिस तरह से हमला हुआ वो हो सकता था उसकी जान भी ले लेते. दौसा सांसद ने कहा कि सबसे ज्यादा दुख की बात है कि 40 मिनट तक 20 बार कलेक्टर को फोन करने के बावजूद भी जिलाधिकारी ने फोन नहीं उठाया, ना ही किसी तरह की सहायता के लिए कोई आगे आया.
अपराधियों को सरकार का संरक्षण प्राप्त
वहीं, विधायक अनीता भदेल ने कहा कि कोरोना का कुप्रबंधन कांग्रेस की सरकार के कारण से हुआ है, चिकित्सालयों के लचर सिस्टम के कारण से अव्यवस्थाएं फैली हुई हैं. प्रदेश में बहन-बेटियां तो सुरक्षित हैं ही नहीं, अब महिला जनप्रतिनिधि भी सुरक्षित नहीं है. भदेल ने कहा कि ‘प्रदेश में अपराधियों को संरक्षण मिला हुआ है और मुख्यमंत्री आंखों पर पट्टी बांधकर शासन चला रहे हैं.’
