News in Brief

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में ‘यास’ तूफान (Cyclone Yaas Effect in UP) का खतरा अभी टला नहीं है. पूर्वी यूपी में शुक्रवार को इसका असर देखने को मिला. करीब 22 जिलों में बारिश और तेज हवाएं चल रही थी. राजधानी लखनऊ में भी रुक-रुककर बारिश होती रही. वहां अभी भी बादल छाए हैं. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि शनिवार को भी पूर्वी उत्तर प्रदेश में यास तूफान का काफी असर देखने को मिलेगा. बता दें कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के लिए रेड अलर्ट जारी किया है.

हो सकती है भारी बारिश 
बंगाल की खाड़ी से उठे यास तूफान को लेकर शुक्रवार को आंचलिक मौसम विज्ञान विभाग ने अलर्ट जारी किया है. इसके मुताबिक शनिवार को भी राज्य के पूर्वी जिलों में 50-60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना जताई है. साथ ही गरज-चमक के साथ भारी बारिश के आसार जताया है. वहीं, भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण पश्चिम मॉनसून मध्य बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ गया है. 31 मई तक इसके केरल में पहुंचने के आसार हैं.

इन जिलों में मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 29 मई को महाराजगंज‚ कुशीनगर‚ गोरखपुर‚ अंबेडकरनगर‚ श्रावस्ती, बलरामपुर‚ सिद्धार्थनगर‚ बस्ती‚ गोंडा, संत कबीरनगर‚ बलिया‚ देवरिया और आजमगढ़ में आंधी और तेज हवाएं चलेंगी. वहीं, जौनपुर, अयोध्या‚ सुल्तानपुर और प्रतापगढ़ में भी तेज हवा चलने तथा सामान्य से भारी वर्षा होने की संभावना जताई है. यास के चलते मौसम अगले दो दिन भी सुहाना बना रहेगा.

ट्रेनें और फ्लाइट्स हुईं रद्द 
यास तूफान के चलते मौसम में हुए बदलाव के चलते रेलवे ने कई ट्रेनों को निरस्त कर दिया. इसके अलावा वाराणसी एयरपोर्ट ने भी हाई अलर्ट जारी करते हुए कई फ्लाइट्स स्थगित कर दी गई हैं. इनमें बाबतपुर एयरपोर्ट और गोरखपुर से चलने वाली डोमेस्टिक फ्लाइट शामिल है. 

ये भी देखें- Viral Video: सीढ़ी से उतरने के लिए बच्चे ने किया कुछ ऐसा, यूजर्स बोले-वाह! बेटे मौज कर दी

WATCH LIVE TV