News in Brief

Bokaro: बोकारो में सीसीएल बीएंडके प्रक्षेत्र के जारंगडीह रेलवे साइडिंग में एक युवक की मौत का मामला सामने आया है. मृतक युवक की पहचान चार नम्बर टिना धौड़ा के रहने वाले 30 वर्षीय विक्रम गोप के रूप में हुई है. 

मौत के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है और घटना कैसे हुई यह जांच का विषय है. लेकिन सूत्रों के हवाले से जानकारी मिली है कि मृतक युवक विक्रम किसी सीसीएल कर्मी की जगह पर काम कर रहा था.

किसी ठेकेदार के अंदर ही शख्स सीसीएल में काम करता था. बताया जा रहा है कि काम के दौरान ऊंचाई से गिर जाने की वजह से उसकी मौत हो गई है. साथ ही कुछ लोग यह भी कह रहे हैं कि ओड़िया मेस की छत पर युवक चढ़कर बिजली का काम कर रहा था. जैसे ही वह कार्य करने गया तो उसे बिजली का झटका लगा और वह जमीन पर नीचे गिर पड़ा.

वहां उपस्थित सीसीएल कर्मी उसे तत्काल कार से लेकर ढोरी रीजनल अस्पताल इलाज के लिए ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. हालांकि, जांच के बाद ही पूरा मामला पता चल पाएगा कि सही क्या है.

ये भी पढ़ें- Jharkhand: 2016 हॉर्स ट्रेडिंग मामले में पीसी एक्ट जोड़े जाने को CM हेमंत की मंजूरी, बाबूलाल ने उठाया सवाल

वहीं, दूसरी और सीसीएल के अधिकारी चिंतामणि मांझी का कहना है कि युवक को घायल अवस्था में देखा गया जिसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया. सीसीएल के अधिकारी ने पल्ला झाड़ते हुए कहा कि शख्स उसके यहां काम नहीं करता था. 

हालांकि, मुआवजे के तौर पर 2 लाख देने की घोषणा सीसीएल के द्वारा किया गया है जहां फिलहाल अभी ₹50 हजार रुपए कर्मकांड के लिए दिया गया है. वहीं, मृतक की मां का रो रो कर बुरा हाल है.

(इनपुट- मृत्युंजय मिश्रा)