News in Brief

Patna: बिहार में कोरोना संक्रमण के नए मामले में लगातार कमी हो रही है.  आज (शनिवार) फिर राज्य में कोरोना के मामलों में गिरावट दर्ज की जा रही है. पिछले 24 घंटों में कोरोना के मामले डेढ़ हजार से से भी कम हो गए हैं.

स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे में राज्य में कोरोना के 1491 नए मामले सामने आए हैं. इस दौरान राज्य में 82468 टेस्ट किये गए हैं. सरकार का कहना है कि यास तूफान की वजह से कोरोना टेस्टिंग कम हुई है.

इसमें कोई दो राय नहीं कि राज्य में लॉकडाउन का सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है. राज्य के 38 जिलों में से 36 जिलों में कोरोना के 100 से भी कम मामले दर्ज किये गए हैं. इसके अलावा, बिहार में अब मात्र 6 जिले ऐसे हैं, जहां कोरोना वायरस संक्रमण के 50 से 100 नए केस सामने आए हैं. जबकि राज्य के 6 जिलों में महज 4 से 9 कोरोना वायरस संक्रमण के मामले सामने आए हैं. 

शनिवार को एक बार फिर से राजधानी पटना में सर्वाधिक 196 कोरोना संक्रमण के मामले सामने आए हैं. वहीं, समस्तीपुर में कोरोना के 110 मामले सामने आए हैं. राज्य में शनिवार को कोरोना के सर्वाधिक मामले पटना के बाद समस्तीपुर में सामने आए हैं. सिर्फ दो जिलों में ही संक्रमण के मामले 100 के पार गए हैं. 

ये भी पढ़ें- जीतन राम मांझी के पंचायत चुनाव पर दिए बयान के बाद सियासत तेज, पूर्व CM को मिला RJD का साथ

दरअसल, लॉकडाउन के बाद से ही असर पूरे राज्य में देखने को मिल रहा है. यही वजह है कि बिहार में लॉकडाउन से पहले जहां 18 हजार नए मामले सामने आ रहे थे वहीं अब पूरे राज्य में डेढ़ हजार से भी कम मामले सामने आ रहे हैं.  

लोगों में कोरोना को लेकर डर और दहशत समा गया था लेकिन प्रशासन व सरकार के अलर्ट होने व लॉकडाउन लगाने के बाद अब हालात में काफी सुधार देखने को मिल रहा है.