News in Brief

श्रीपाल यादव/रायगढ़: शहर में अमृत मिशन के तहत स्वीकृत जल आवर्धन योजना फेस टू एक बार फिर से लेटलतीफी का शिकार हो रही है. 139 करोड़ की इस योजना के तहत शहर में पांच नई पानी टंकियां और दो वाटर फिल्टर प्लांट सहित तकरीबन 368 किमी की पाइप लाइन बिछानी है. इसके लिए राज्य शासन ने दिसंबर 2020 तक का टारगेट दिया था. लेकिन जिले में बार-बार लॉकडाउन लगने के कारण इसकी डेडलाइन जून 2021 कर दी गई थी. अब तक निगम के अधिकारी 90% काम पूरा होने की बात कह रहे हैं.

लेटलतीफी के कारण लागत बढ़ी
जल आवर्धन प्लांट के काम में पूर्ण रूप से 3 से 4 महीने का समय लगने की बात कही जा रही है. ऐसे में विपक्ष में बैठी भाजपा निगम को घेरती नज़र आ रही है. भाजपा, निगम के सुस्त रवैए के कारण इस वर्ष गर्मी के महीने में भी लोगों को साफ पानी नहीं मिलने की बात कह रही है. लेटलतीफी के कारण इस योजना की लागत 160 करोड़ रुपए होने का अनुमान लगाया जा रहा है.

“जल आवर्धन फेस टू” योजना क्या है?
रायगढ़ जिले में आने वाले 50 सालों के लिए पेयजल समस्या का निदान करने के लिए नगर निगम ने “जल आवर्धन फेस टू” की योजना बनाई है. इस योजना के तहत 139 करोड़ की स्वीकृति शासन से मिली थी. योजना के तहत रायगढ़ शहर की साढ़े तीन लाख आबादी को पेयजल आपूर्ति करने का लक्ष्य रखा गया है. 139 करोड़ की इस योजना से शहर के पूरे 48 वार्डों को पेयजल की आपूर्ति की जानी है. इस योजना के तहत 36 हजार परिवारों को 24 घंटे साफ पानी उपलब्ध कराने की योजना थी.

इस योजना के तहत शहर में एक इंटकवेल, दो वाटर फिल्टर प्लांट और शहर के पांच कोनों में पांच पानी की टंकियां भी बनाई जाएंगी.

बीजेपी का निगम पर आरोप
वहीं बीजेपी पार्षद सुभाष पांडे का कहना है कि बीजेपी सरकार की महत्वकांक्षी योजना को 4 वर्ष से अधिक का समय हो चुका है. अभी तक लोगों को साफ पानी उपलब्ध नहीं कराया गया है. बार-बार योजना की डेड लाइन बढ़ाई जा रही है जिसके कारण 135 करोड़ लागत से बढ़कर 160 से 170 करोड़ होने का अनुमान लगाया जा रहा है. निगम रायगढ़वासियों की पैसे का दुरुपयोग कर रहा है.

नगर निगम की सफाई
इस पूरे मामले में निगम के उपआयुक्त सुतीक्षण यादव दावा कर रहे हैं कि वर्तमान में 90% कार्य पूरा किया जा चुका है. इंटकवेल पानी टंकी पंप हाउस जैसा बड़ा काम पूरा कर लिया गया है. 310 किलोमीटर पाइप लाइन बिछाई जा चुकी है. 50 किलोमीटर ही शेष पाइपलाइन बिछाना रह गया है. आने वाले 3 से 4 महीने में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का काम पूरा कर लोगों को पानी दिया जाएगा. आने वाले कुछ समय में लोगों को निगम द्वारा 24 घंटे पानी उपलब्ध कराया जाएगा.

ये भी पढ़ें: आंखों पर ये चश्मा लगा लेने से भाग जाएगा ब्लैक फंगस! जानिए क्या कहते हैं विशेषज्ञ

WATCH LIVE TV